दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक ही खुलेगी शराब की दुकानें

-बिना मास्क नहीं मिलेगी शराब, दुकानों में कोरोना गाइडलाइन का पालन अनिवार्य 

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते जारी लॉकडाउन और नाईट कफ्र्यू के बीच अब जिले में शराब की दुकानों का समय मात्र 4 घंटे ही खोलने का निर्धारित कर दिया गया है। प्रभारी जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश ने इस संबंध में शराब की दुकानों को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक ही खोले जाने के आदेश जारी कर दिए है। मंगलवार से जहां जिले में शराब की दुकानों को सुबह 10 बजे से रात 7 बजे तक खोल गई थी। वहीं बुधवार से शराब की दुकानों का समय मात्र 4 घंटे का निर्धारित करते हुए 2 बजे से शाम 6 बजे तक ही ठेके खोले जाने के निर्देश दिए गये है। अगर किसी शराब ठेकेदार ने आदेश का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लॉकडाउन से पहले शराब की दुकानों को बंद करने का कोई आदेश नहीं आया था। मगर कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते शराब ठेकेदारों ने स्वयं ही दुकानें बंद रखी थी। प्रदेश सरकार ने अब शराब की दुकानों को खोले जाने के आदेश जारी कर दिए है। प्रभारी जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश ने जिले में अंग्रेजी, देशी शराब, बीयर, मॉडल शॉप और बार का समय अब दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक शराब की दुकानें खोलने के आदेश जारी किए है। निर्धारित समय के अनुसार ही जिले में सभी दुकानें खोली जा रही हैं। कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने के लिए आबकारी निरीक्षक क्षेत्र में लगातार चेकिंग कर रहें है। सभी दुकानदारों को मास्क पहनना अनिवार्य, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए शराब और बीयर बेचने, सभी दुकानों पर होगी सैनिटाइजर की व्यवस्था, दुकानों के बाहर 6 फीट की दूरी पर गोला बनाने, हर एक गोले में ही खड़ा होने के आदेश दिए गये है। कोविड प्रोटोकॉल का दुकानदारों द्वारा पालन किया जा रहा है। जिले में कुल 507 शराब की दुकानें है। इनमें अंग्रेजी शराब की 133 दुकानें, देशी शराब की 205 दुकानें,बीयर शॉप-127 और मॉडल शॉप-42 है। इन सभी दुकानों को खोला जा रहा है। शराब दुकानदारों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और भीड़ एकत्र न होने देने के निर्देश दिए गए है। वहीं, कैंटीन अभी नहीं खोली जाएगी। लॉकडाउन के चलते शराब की दुकानों के बाहर 6 फीट की दूरी गोल घेरे खड़े होने के लिए बनाए गए है। बता दें कि जिले में शराब से प्रतिमाह 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का राजस्व मिलता है। अपै्रल माह में 120 करोड़ रुपए की शराब की बिक्री हुई थी।