जीडीए में 250 कर्मचारियों को लगा कोरोना टीका

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) जहां अवर अभियंता नरेंद्र कुमार, लिपिक अनिल त्यागी की मौत हो गई। वहीं, कई कर्मचारियों के संक्रमित होने के बाद गुरूवार को जीडीए प्रांगण में कोरोना वैक्सीन का टीका लगाने के लिए शिविर लगाया गया। शिविर में जीडीए के 45 वर्ष से ऊपर आयु के अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा कर्मचारियों के परिजनों को मिलाकर करीब 250 लोगों को कोरोना टीका लगाया गया। प्रभारी जिलाधिकारी एवं जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाया। यूपी विकास प्राधिकरण डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश द्विवेदी ने पिछले सप्ताह जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश को मांग पत्र भेजते हुए कोरोना महामारी के चलते जीडीए कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगाने की मांग की थी। प्रभारी जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश ने सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता को निर्देश देते हुए कोरोना वैक्सीन शिविर लगाने के लिए कहा। जीडीए प्रांगण में तमाम अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों,उनके परिजनों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाए गए। शिविर में अधिकांश इंजीनियरों, स्टॉफ,कर्मचारियों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के लिए जीडीए में हर संभव प्रयास किए गए थे। संघ के अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि जीडीए में लगाए गए शिविर में करीब 250 अधिकारियों,कर्मचारियों एवं परिजनों को कोरोना वैक्सीन के टीका लगाए गए। जीडीए परिसर में लगाए गए शिविर का दोबारा आयोजन के लिए जीडीए सचिव से वार्ता करने के बाद तारीख निर्धारित कराई जाएगी।