-लूट की कार समेत चार बदमाश गिरफ्तार
गाजियाबाद। जस्ट डॉयल साइट पर स्विप्ट डिजायर गाड़ी को बुक करने के बाद तमंचे के बल पर कार लूटने वाले गिरोह के सरगना समेत 4 बदमाशों को भोजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी कार, तमंचा,दो कारतूस बरामद किए है। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बीते 8 मई को आशू उर्फ आस मोहम्मद ने मोदीनगर से खुर्जा जाने के लिए स्विप्ट डिजायर कार को 3500 रुपए में बुक किया था। गाड़ी को ड्राइवर लेकर वहां पहुंच गया। रास्ते में इसने साथियों के साथ मिलकर तमंचे के बल पर कार को लूटने के बाद उसे फेंककर फरार हो गए थे। गुरूवार की तड़के करीब 4 बजे भोजपुर थाना प्रभारी शीलेंद्र सिंह,दारोगा कुशलपाल सिंह, मनीष चौहान,दारोगा दीपक कुमार ने टीम के साथ स्विप्ट डिजायर कार लूट की घटना का खुलासा करते हुए क्षेत्र से आशु उर्फ आस मोहम्मद पुत्र जरीफ निवासी मोहल्ला खादान ग्राम भोजपुर हाल पता पीर वाली मस्जिद मुंडाली मेरठ,संदीप पुत्र गजेंंद्र सिंह,रवि पुत्र राजकुमार निवासी भूपेंद्रपुरी आंबेडकर पार्क के पास मोदीनगर, नवदीप पुत्र संजय कुमार निवासी मोहल्ला तिबड़ा रोड मोदीनगर को गिरफ्तार किया गया। इनका साथी अबरार उर्फ प्रधान पुत्र ईदरीश हररा खिवायी सरूरपुर मेरठ फरार है। इसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।गिरोह का सरगना आशू उर्फ आस मोहम्मद जनपद बुलंदशहर से गैंगस्टर में फरार चल रहा है,इसके खिलाफ भोजपुर, बाबूगढ़ हापुड़, हाफिजपुर, फेज-3 गौतमबुद्धनगर,घंटाघर कोतवाली, ज्योतिबा फूलेनगर, हापुड़ देहात, पिलखुवा,धौलाना, गैंगस्टर एक्ट में बुलंदशहर के थानों में 14 मुकदमे दर्ज है। भोजपुर थाना प्रभारी शीलेंद्र सिंह ने बताया कि आस मोहम्मद ने स्विप्ट डिजायर कार को जस्ट डॉयल साइट पर जाकर 3500 रुपए में बुक किया था। दिल्ली की बुधविहार फेज-1 कालोनी निवासी रवि कुमार कैब चलाते हैं। बीते 8 अपै्रल शनिवार रात वे कुछ लोगों को छोडऩे मोदीनगर आए थे। इस बीच खुर्जा जाने के लिए बुकिंग मिल गई। कार बुक करने वाले स्पर्श हॉस्पिटल गदाना मोदीनगर की लोकेशन पर उसे बुलाया। रात में करीब 3.30 बजे वह कर लेकर पहुंचा। कार में आशू उर्फ आस मोहम्मद, संदीप, अबरार उर्फ प्रधान बैठकर चले गए। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर डासना के पास हापुड़ जाने के लिए जाने लगे। तभी आशू ने ड्राइवर रवि की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। तमंंचे से आंतकित कर कार में लगा जीपीएस भी बंद करा दिया।काफी देर तक कार में घूमने के बाद नाहली गांव से किल्होड़ा जाने वाले रास्ते पर श्मशान घाट के पास ड्राइवर को गाड़ी से फेंककर कार लूटकर फरार हो गए थे। एक हवाई फायर भी किया था। किसी को कुछ भी बताने पर रवि को जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह रवि वहां से भोजपुर थाने पहुंचा। उस समय पुलिस ने मामले को दबाने की कोशिश की। पीडि़त की बात को झूठी बताते रहे। इस बीच रविवार 9 मई की शाम जब मामला पुलिस के उच्चाधिकारियों की संज्ञान में पहुंचा, तो आनन-फानन में देर रात रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इनका साथी अबरार उर्फ प्रधान फरार है। इसे गिरफ्तार करने के लिए टीम लगाई गई हैं।
















