कोरोना के असली हीरो नगर निगम के सफाई योद्धा

-सैनिटाइजेशन तथा फागिंग करने में जुटे निगम के सफाई योद्धा
-नगर निगम के पांचो जोन के 281 क्षेत्रों को किया सैनिटाइजेशन तथा फागिंग

गाजियाबाद। कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जारी है। लॉक डाउन के दौर से पूरा देश गुजर रहा है। ऐसे में कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे मेडिकल प्रोफेशनल्स, पुलिस, प्रशासन, समाजसेवियों की कहानियां हमारे सामने आ रही हैं, लेकिन जिले में अनदेखे कोरोना वायरस से खुले आसमान के नीचे रोजाना दो-दो हाथ करने वाले फ्रंट लाइन वर्कर्स अर्थात सफाई कर्मचारियों को अनदेखा कर दिया जाता है, जबकि यही रियल हीरो की भूमिका निभा रहें है। जब हम पंखे-कूलर की हवा में दीन-दुनिया से परे गहरी नींद में होते हैं, ठीक उसी समय जिले की सड़कों पर झाड़ू की कर्कश आवाज, सेनेटाइजेशन एवं फॉगिंग मशीन की गडग़ड़ाहट के साथ कदम-दर-कदम शहर को कोरोना से बचाने एवं कचरे को साफ करते सैकड़ों हाथ सुबह-शाम एक जंग लड़ते नजर आते हैं। बेशक यह उनकी नौकरी है, लेकिन वे किसी योद्धा से कमतर नहीं हैं। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए शहरी क्षेत्रों में नगर आयुक्त के निर्देशन में बड़े स्तर पर सेनेटाइजेशन एवं फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। कोरोना वायरस से लडऩे को लेकर नगर निगम के कोरोना योद्धा कोरोना संक्रमण की दुसरी लहर की शुरूआत से युद्धस्तर पर जुटे हुए है। गुरूवार को नगर निगम के पांचो जोनों में सैनिटाइजेशन तथा फागिंग अभियान चलाया गया। नोडल प्रभारी/अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव के नेतृत्व में शहर के 281 क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। पांचों जोनों मे सफाई नायकों द्वारा अपनी टीम के साथ सुबह सैनिटाइजेशन तथा शाम को फागिंग की कार्रवाई की गई। नोडल प्रभारी/अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव ने बताया कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए नगर निगम द्वारा शहरवासियों का हर कदम पर साथ दिया गया है और शहर में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या कमी आई है। कोरोना जैसे वायरस के खतरे के बीच सफाई कर्मी रोज जंग लड़ रहे है। इन जैसे योद्धाओं के कारण ही हम अभी तक कोरोना वायरस जैसे खतरनाक दुश्मन के आक्रमण से बचे हुए हैं।