यूपी मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना, राजभवन पहुंचे सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने गवर्नर आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की, चर्चाएं जोरों पर

उदय भूमि ब्यूरो
लखनऊ। सूबे में योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाएं जोरों पर चल रही हैं। इस बीच गवर्नर आनंदीबेन पटेल गुरुवार को लखनऊ पहुंची। वह काफी समय से मध्य प्रदेश में थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाम को राजभवन पहुंच कर गवर्नर से मुलाकात की। राजभवन पहुंचने पर राज्यपाल के प्रोटोकॉल ऑफिसर आईपीएस अभिषेक वर्मा ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात के दौरान सीएम ने प्रदेश भर के भ्रमण और कोरोना पर सरकार के कार्यों का अपडेट दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को श्री विष्णु और उनके अवतार नाम की पुस्तक भी भेंट की। मुख्यमंत्री की गवर्नर के साथ भेंट को मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना से जोड़कर देखा जा रहा है।

आनंदी बेन पटेल उप्र के साथ मध्य प्रदेश के राज्यपाल का भी जिम्मा निभा रही हैं। वह 10 मई को लखनऊ से मध्य प्रदेश गर्इं थी। गुरुवार की सुबह वह वापस लखनऊ आ गई। दस मई से भोपाल में प्रवास कर रही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिन में 12 बजे राजभवन के अधिकारियों से भेंट की। राज्यपाल से देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की है। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि राज्यपाल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मध्य प्रदेश से लखनऊ आई हैं। शाम को राज्यपाल से मिलने मुख्यमंत्री आए। वैसे तो इसे शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है क्योंकि अमुमन महीने में 2 बार मुख्यमंत्री, राज्यपाल से मिलते हैं। चूंकि पिछले 17 दिनों से राज्यपाल यहां नहीं थी, इसलिए उनके लखनऊ पहुंचते ही मुख्यमंत्री उनसे मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के बीच भेंट को मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं से जोड़ कर भी देखा जा रहा है। बता दें कि पिछले दिनों दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक के बाद से योगी मंत्रिमंडल और प्रदेश भाजपा संगठन में फेरबदल की चर्चाएं जोरों पर हैं। इन चर्चाओं के केंद्र में मोदी के करीबी अरविंद शर्मा हैं। वह नौकरशाही छोड़ भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसके बाद जिस तरह से उन्हें एमएलसी बनाया गया, उससे यही चर्चा चारों तरफ है कि उन्हें योगी मंत्रिमंडल में डिप्टी सीएम बनाकर अह्म जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही मंत्रियों के रिक्त 6 पदों को भरने के लिए कुछ और फेरबदल संगठन में भी हो सकता है। उधर, सूत्रों का यह भी कहना है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कद भी बढ़ सकता है। मौर्य काफी समय से चर्चाओं से बाहर चल रहे हैं।