गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बीच बढ़ते ब्लैक फंगस से निपटने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। समीक्षा के दौरान संज्ञान में आया कि जनपद में अब तक कुल 65 मरीज ब्लैक फंगस के मिले हैं, जिनमें से 31 सही होकर सकुशल अपने घरों को जा चुके हैं तथा शेष मरीजों को उपचार जनपद के विभिन्न प्राईवेट अस्पतालों में चल रहा है। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने निम्न निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि वह प्राईवेट अस्पतालों को निर्देशित करें कि उनके अस्पतालों में जो भी मरीज ब्लैक फंगस संक्रमित आ रहे हैं, उनका रूट का एनालिसिस किया जाए कि वह किन कारणों से ब्लैक फंगस संक्रमण की चपेट में आए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी तत्काल जनपद के सभी प्राईवेट अस्पतालों जहां ब्लैक फंगस का उपचार किया जा रहा है, का व्हाट्स-अप ग्रुप बनाएं, ताकि सभी डॉक्टर्स उसमें इस महामारी से बचाव, दवाईयां, इंजेक्शन व उपाय इत्यादि के संबंध में जानकारियां आपसे में साझा कर सुगमता से मरीज का ईलाज कर सकें। संबंधित डॉक्टर्स से इस महामारी का उपचार एवं इससे बचाव हेतु जनसामान्य के लिए तत्काल एडवाईजऱी तैयार करें। कोरोना संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों में किन कारणों से ब्लैक फंगस की चपेट में आ रहे हंै, का अध्ययन किया जाये, ताकि इससे लोगों को बचाया जा सके। डायबिटिक मरीज को ब्लैक फंगस सबसे ज्यादा प्रभावित करता है। अत: डायबिटिक मरीजों को डायबिटिक नियंत्रण करने के लिए क्या-क्या प्रयास करने चाहिए। समीक्षा के दौरान डॉ. एनके गुप्ता मुख्य चिकित्साधिकारी, विनय सिंह अपर नगर मजिस्टे्रट (द्वितीय), डॉ. मिथलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. नीरज अग्रवाल डिप्टी सीएमओ, डॉ. अभिषेक कुलश्रेष्ठ डब्लूएचओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
















