छोटे व मध्यम वर्गीय व्यापारियों को आर्थिक पैकेज देने की मांग

– व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

गाजियाबाद। व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम ने कोरोना महामारी के मद्देनजर छोटे व मध्यम वर्गीय व्यापारियों को आर्थिक पैकेज देने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है। पत्र में समिति के संयोजक प्रदीप गुप्ता ने लिखा है कि पिछले लगभग 2 माह से कोरोना महामारी के कारण व्यापार लगभग बिल्कुल ठप है। अभी यह भी नहीं पता कि कब तक व्यापार पटरी पर आ पाएगा। छोटे और मध्यम वर्गीय व्यापारी जो हर माह कमाते थे, उसी से दुकान का किराया, विद्युत बिल, बच्चों की स्कूल फीस तथा अन्य प्रकार के छोटे-मोटे खर्चों सहित अपने लिए राशन पानी का इंतजाम करते थे, परंतु कोरोना महामारी के चलते विगत 2 माह से व्यापारी खाली बैठे हैं और जिस प्रकार धीरे-धीरे कोरोना केस घट रहे हैं, अभी लगभग 1 महीना या 2 महीना व्यापार को ठीक करने में लगेगा। व्यापारी हमेशा सरकार को टैक्स देते आए हैं। कमाई का एक हिस्सा हमेशा सरकार को देते हैं और अपने खाने पीने के बाद कुछ ना कुछ समाज के लिए भी खर्च करते हैं। व्यापारियों की स्थिति आज किसी से छुपी नहीं है। व्यापारी नेता ने सीएम से अपील की है कि अप्रैल से जुलाई तक का बिजली का बिल, स्कूल फीस माफ करने के अलावा जीएसटी और इनकम टैक्स में रियायत के साथ-साथ सरकार लोन के रूप में कम से कम बिना ब्याज के 10 से 15 लाख की रकम 2 साल तक के लिए दी जाए।