-सफाई योद्धाओं खुद का भी ख्याल रखने के मिलें टिप्स
गाजियाबाद। कोरोना वायरस के डर से जब लोग घरों से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे, तब ऐसे भी जांबाज हैं जो बिना भय के शहर को सुरक्षित रखने के लिए खुद सड़क पर दिन-रात कार्य कर रहे हंै। कोरोना वायरस से निपटने में इनकी भूमिका को कमतर नहीं आंका जा सकता। जिंदगियां बचाने के लिए ये जांबाज दिन-रात काम पर लगे हुए रहें। कई बार ऐसी भी स्थिति आ जाती है जब ये जांबाज संक्रमित के सीधे संपर्क में आ जाते हैं। इसके बावजूद उनका न तो हौसला डिगा है और न ही बेहतर कार्य करने में कोई कमी आई है।
बुधवार को नगर निगम सभागार में यूनिसेफ के माध्यम से वर्चुअल ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। वर्चुअल ट्रेनिंग में उपस्थित सफाईकर्मी, सुपरवाइजर, सफाई नायक जो शहर वासियों को कोविड-19 वायरस के प्रसार से बचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं तथा फ्रंटलाइन वर्कर जो कोरोना वायरस महामारी की चुनौती का सीधा सामना कर रहे हैं, उन्हें ट्रेनिंग में स्वयं का ध्यान कैसे रखें बताया गया। ट्रेनिंग के दौरान नगर निगम की फ्रंटलाइन वर्कर्स को सैनिटाइजेशन के समय किस प्रकार स्वयं का बचाव करें यह बताया गया। फॉगिंग कराते समय अपना मुंह मास्क से ढके, ग्लब्स का इस्तेमाल करें, सैनिटाइजेशन का इस्तेमाल करें तथा फॉगिंग व सैनिटाइजेशन करने का सही तरीका वर्चुअल ट्रेनिंग में बताया गया। कोरोना संक्रमित मरीजों की कैसे मदद, मेडिसिन, भोजन की व्यवस्था करनी है, इसकी जानकारी दी गई।
शहर से कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में प्रमुख दायित्व निभाने वाले स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक बातों के लिए प्रशिक्षण दिया गया। सिटी जोन के एसएफआई अशोक पाल व उपस्थित स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा प्रशिक्षण के उपरांत बताया गया कि प्रशिक्षण के दौरान कार्य कुशलता पूर्वक करने तथा दूसरों का ध्यान रखते हुए स्वयं का भी किस प्रकार कोविड-19 से बचाव रखना है, उसकी जानकारी दी गई। इस दौरान नगर निगम के पांचों जोन के एसएफआई नरेंद्र, अशोक पाल,योगेंद्र, संजीव, दीपक अग्रवाल व अन्य सैकड़ों स्वास्थ्य कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
















