सीएम पोर्टल से अटैच 143 ऑनलाइन सुविधाएं

मुख्यमंत्री कार्यालय भी करेगा निरंतर निगरानी

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की ऑनलाइन 143 सुविधाओं को मुख्यमंत्री के पोर्टल से जोड़ दिया गया है। सीएम कार्यालय से भी इनकी निगरानी हो सकेगी। शिकायतों का निस्तारण तय समय पर नहीं किए जाने पर संबंधित विभागों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लॉक डाउन के कारण अटकी पड़ी 1 हजार से अधिक शिकायतों का निपटारा कर दिया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने ऑनलाइन सुविधाओं के संबंध में बैठक की। बैठक में एसीईओ दीप चंद्र, ओएसडी सचिन कुमार, ओएसडी एसपी शुक्ला, जीएम वित्त एचपी वर्मा, जीएम परियोजना एके अरोड़ा, जीएम नियोजन मीना भार्गव आदि मौजूद रहे। बैठक में प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सुविधाओं, निस्तारण तथा आवंटियों के फीडबैक के संबंध में चर्चा हुई। सीईओ ने कहा कि 143 ऑनलाइन सुविधाओं को निवेश मि़त्रा व मुख्यमंत्री पोर्टल (जेएएनएसयूएनडब्ल्यूएआई.यूपी.एनआईसी.आईएन) से जोड़ दिया गया है। अब समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें। सीईओ ने बताया कि प्रदेश के सभी औद्योगिक प्राधिकरण में ग्रेटर नोएडा ने सबसे अधिक 143 ऑनलाइन सर्विसेज को उत्तर प्रदेश सरकार के पोर्टल से जोड़ा है। जबकि अन्य प्राधिकरण ने सिर्फ 8 से 24 के बीच ऑनलाइन सर्विसेज को सरकार के पोर्टल से जोड़ा है। सीईओ ने आवंटियों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सर्विसेज का उपयोग कर घर बैठे आवेदन करें ताकि रोस्टर के अनुरूप उनका निस्तारण किया जा सके। प्राधिकरण में ऑनलाइन सर्विसेज के संबंध में अधिक जानकारी के लिए हेल्प लाइन सेंटर के 0120-2336046, 47, 48 एवं 49 तथा व्हाट्स-अप नंबर 8800203912 पर संपर्क कर सकते हैं।