प्रशासन-पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना संपन्न, 74 सदस्य विजयी
गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत के उपचुनाव की सोमवार को चारों ब्लॉक में प्रशासन-पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना संपन्न हो गई। मतगणना के बाद रजापुर ब्लॉक के गांव युसूफपुर मनौटा में मृतक विजय सिंह की पत्नी शकुंतला देवी जहां ग्राम प्रधान चुनी गई। वहीं, चारों ब्लॉक में ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव लडऩे वाले दिग्गज प्रत्याशियों की मतगणना के बाद 74 ग्राम पंचायत चुने गए। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर सभी ब्लॉक में मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु सुहास ने जहां जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी आदि अधिकारियों की मौजूदगी मेें मतगणना स्थलों का जायजा लिया। वहीं, एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह भी रजापुर ब्लॉक में मतगणना स्थल पर पहुंचकर शांतिपूर्ण मतगणना का जायजा लिया।
सोमवार को सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना शाम चार बजे तक ही संपन्न हो गई। ग्राम प्रधान और 74 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 12 जून को मतदान हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिलाधिकारी के नेतृत्व में मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। रजापुर ब्लॉक के गांव युसूफपुर मनौटा में ग्राम प्रधान पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। वहीं,चारों ब्लॉक में 74 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 161 दिग्गज प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतगणना के बाद ग्राम प्रधान और 74 ग्राम पंचायत चुने गए। अपै्रल में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद उपचुनाव में 1046 ग्राम पंचायत सदस्य,एक क्षेत्र पंचायत सदस्य,ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव होना था। मगर मतदान से पहले ही 966 ग्राम पंचायत सदस्य और एक बीडीसी सदस्य पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए थे।
विकास खंड रजापुर के गांव युसुफपुर मनौटा में ग्राम प्रधान पद का चुनाव लडऩे वाली शकुंतला देवी 1200 मतों से विजयी घोषित की गई। इसके अलावा मतगणना पूरी होने के बाद रिक्त ग्राम पंचायत सदस्यों की घोषणा की गई। मतगणना के बाद रजापुर ब्लॉक के 11 ग्राम पंचायत सदस्य,मुरादनगर ब्लॉक के 6 ग्राम पंचायत सदस्य, भोजपुर ब्लॉक के 39 ग्राम पंचायत सदस्य,लोनी ब्लॉक के 18 ग्राम पंचायत सदस्यों को विजयी घोषित किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर मतगणना को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु सुहास एवं अन्य अधिकारियों ने मतगणना स्थलों का निरीक्षण किया। भोजपुर ब्लॉक में सबसे ज्यादा 39 ग्राम पंचायत सदस्य चुने गए। मतपेटियों से भाग्य का फैसला होने के बाद जीते हुए प्रत्याशियों में खुशी की लहर दौड़ गई।जिले के सभी चारों ब्लॉक कार्यालय में सुबह 8 बजे से सोमवार को मतों की गिनती की गई। चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे 161 उम्मीदवारों का पिटारा खुलने के बाद 74 ग्राम पंचायत निर्वाचित हुए। मतगणना के बाद किसी प्रकार के समारोह के आयोजन पर पाबंदी लगाई गई थी।बता दें कि रजापुर ब्लॉक के गांव यूसूफपुर मनौटा ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित प्रधान विजय सिंह के निधन के कारण उप चुनाव हुआ। विजय सिंह की पत्नी शकुंतला देवी ने जीत दर्ज कराते हुए ग्राम प्रधान चुनी गई।
















