-मेयर ने किया उद्धाटन, फलदार एवं ऑक्सीजन में सहायक पौधे लगाए
गाजियाबाद। पार्षद निशा चौधरी के वार्ड नंबर-18 एच ब्लॉक 3 मंजिला के सामने शास्त्री नगर में 30 साल से अविकसित पार्क को विकसित कर मेयर आशा शर्मा ने नारियल फोड़ कर लोकार्पण किया, जिसमें पार्क की बाउंड्री वाल, मिट्टी भराव का कार्य, फुटपाथ का कार्य एवं रंगाई पुताई के कार्य कर सौंदर्यकरण किया गया है। यह कार्य कराने के लिए नामित पार्षद अर्चना सिंह द्वारा लगातार मेयर को अवगत कराया जा रहा था। साथ ही स्थानीय लोगों मे रोष था कि 30 वर्ष में पार्क विकसित नहीं किया गया।
नामित पार्षद अर्चना ने मेयर को इस कार्य को करने के लिए प्रेरित किया और मेयर ने इस पार्क के कार्य को गुरूवार को पूर्ण कराकर लोकार्पण कर स्थानीय लोगों को समर्पित किया। पार्क के लोकार्पण के साथ-साथ मेयर आशा शर्मा एवं पार्षद ने फलदार पौधे लगाए। उपस्थित सभी लोगों से 1-1 पौधा लगवाया और इसी प्रकार महापौर ने निर्देश दिए कि इसी बरसात में इस पार्क में फलदार एवं ऑक्सीजन देने वाले पौधे ही लगाए जाएं एव साथ ही उद्यान अधिकारी डॉ. अनुज एवं दिनेश शर्मा को अच्छा कार्य करने के लिए सराहा गया।
उधर, 3 स्टोरी एच ब्लॉक में हाल ही में एक पुलिया बनायी गयी है, जिसके कारण से ब्लॉक में जल निकासी नहीं होती है। स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया की अभी तो बरसात आने वाली है, लेकिन बिना बरसात के भी पानी नाले में न जाकर सड़क पर भरा रहता है। जिसके लिए मेयर ने तत्काल संबंधित अधिकारी को फोन वार्ता द्वारा जल निकासी हेतु आदेशित किया ताकि पानी भराव न हो सकें। इस दौरान नामित पार्षद अर्चना सिंह, पार्षद पति अनुज चौधरी, उद्यान अधिकारी डॉ. अनुज, जेई दिनेश शर्मा, व्यापार मंडल से संग्राम सिंह, वंदना व रेखा आदि लोग उपस्थित रहे।















