-जनरल वीके सिंह परिवार के साथ लगवाई कोरोना की दुसरी डोज
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर नियंत्रित करने और तीसरी लहर से निपटने की तैयारी के साथ उत्तर प्रदेश की सरकार जल्द से जल्द जनता को टीके का सुरक्षा कवच दे रही है। सरकारी व निजी अस्पतालों के अलावा कार्यालयों में भी टीकाकरण केंद्र बनाए गये हैं। जून महीने में दो करोड़ वैक्सीन लगवाने का लक्ष्य रखा है। कम आबादी वाले जिलों में भी कम से कम एक हजार टीके प्रतिदिन लगाए जा रहे है। कोरोना के खिलाफ जंग में प्रदेश एवं केन्द्र सरकार बेहद गंभीर है। यह बातें शुक्रवार को सेक्टर-23 संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल में केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री व स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए कहीं। उन्होने कहा सभी को वैक्सीन लगवानी चाहिए। वैक्सीन लगवाने से ही कोरोना को नियंत्रण में लाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में कोरोना अब पूरी तरह काबू में आ चुकी है। प्रदेश सरकार ने जून माह के अंत तक दो करोड़ वैक्सीन लगवाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने लोगों से कोरोना वैक्सीन लगवाने की अपील की। जनरल वीके सिंह ने कहा लोगों को किसी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। कोरोना से बचने के लिए टीका लगवाना जरूरी है। कोरोना से बचने के लिए सभी को कोविड टीकाकरण कराया जाना जरूरी है। टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इसका कोई भी दुष्प्रभाव शरीर पर नहीं पड़ता है। इसकी दो डोज रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा देती है। इम्युनिटी बढऩे से कोरोना संक्रमण से बचने में मदद मिलती है। वैक्सीन लगने के बाद लापरवाही महंगी पड़ सकती है। वैक्सीन लग जाने के बाद भी दो गज की दूरी व मास्क है जरूरी का पालन करते रहना है। इसके साथ ही कोरोना से बचने के लिए आवश्यक नियमों का भी सख्ती से पालन करने की जरूरत है। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी भारती सिंह, बेटी मृणालिनी सिंह और परिवार के दूसरे सदस्यों ने कोरोना की दूसरी डोज लगवाई।
















