कैनवास से कान्स तक: मयूरी मित्तल ने बचपन के सपने को हकीकत में बदलकर रचा नया इतिहास

-बचपन की कल्पना बनी विश्व मंच की पहचान, कान्स के रेड कार्पेट पर चमकी भारतीय प्रतिभा
-सपनों पर विश्वास, वर्षों की मेहनत और अटूट संकल्प ने दिलाई वैश्विक पहचान
-पत्रकार, फैशन डिज़ाइनर, उद्यमी और कलाकार मयूरी मित्तल ने दुनिया को दिया प्रेरणा का संदेश

उदय भूमि संवाददाता
नई दिल्ली। सपने तभी सच होते हैं जब उन्हें देखने का साहस और उन्हें पूरा करने का जुनून हो। इस बात को सच साबित कर दिखाया है बहुमुखी प्रतिभा की धनी मयूरी मित्तल ने। पत्रकार, फैशन डिज़ाइनर, उद्यमी और कलाकार के रूप में अपनी पहचान बना चुकीं मयूरी मित्तल ने विश्व के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में शामिल कान्स फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट पर कदम रखकर न केवल अपनी उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ा है, बल्कि भारत का गौरव भी बढ़ाया है। मयूरी मित्तल के लिए यह उपलब्धि केवल एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर उपस्थिति भर नहीं है, बल्कि यह उनके बचपन में देखे गए उस सपने का साकार रूप है जिसे उन्होंने वर्षों पहले अपनी कल्पनाओं में जिया था। खास बात यह है कि जब उन्होंने अपने बचपन में एक भव्य रेड कार्पेट पर चलती हुई लड़की की कल्पना की थी, तब उन्हें यह भी नहीं पता था कि दुनिया में कान्स फिल्म महोत्सव जैसा कोई आयोजन होता है। बचपन की उसी कल्पना को उन्होंने अपनी कला के माध्यम से कैनवास पर उतारा। उस समय यह केवल एक चित्र था, लेकिन उस चित्र में छिपा सपना उनके अवचेतन मन में लगातार जीवित रहा।

वर्षों बाद जब मयूरी मित्तल ने कान्स फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट पर कदम रखा, तो उन्हें एहसास हुआ कि जिस दृश्य को उन्होंने कभी अपनी पेंटिंग में उकेरा था, वह आज उनके जीवन की सच्चाई बन चुका है। मयूरी मित्तल की यह यात्रा साधारण नहीं रही। उन्होंने अपने जीवन में कई भूमिकाओं को सफलतापूर्वक निभाया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को आवाज दी। फैशन डिज़ाइनिंग में अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया और उद्यमिता के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई। इसके साथ ही कला के प्रति उनका प्रेम हमेशा उनके व्यक्तित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि यदि किसी व्यक्ति के भीतर अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट दृष्टि और अटूट विश्वास हो, तो कोई भी सपना असंभव नहीं रहता। मयूरी ने केवल सपना नहीं देखा, बल्कि उसे अपने विचारों, अपनी कला और अपने कर्मों के माध्यम से लगातार जीवित रखा। यही कारण है कि आज वह सपना उन्हें दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मंचों में से एक तक ले गया।

कान्स फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट पर उनकी उपस्थिति भारतीय महिलाओं की बढ़ती वैश्विक पहचान का भी प्रतीक है। यह उपलब्धि उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। मयूरी की कहानी बताती है कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि धैर्य, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से प्राप्त होती है। उनकी इस उपलब्धि की चर्चा देश और विदेश में हो रही है। कला, फैशन, मीडिया और उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय लोगों ने उनकी इस सफलता को भारतीय प्रतिभा की जीत बताया है। मयूरी मित्तल ने यह साबित कर दिया है कि यदि मन में दृढ़ संकल्प हो तो कल्पना की गई तस्वीरें भी एक दिन वास्तविकता का रूप ले सकती हैं। आज जब मयूरी मित्तल कान्स के रेड कार्पेट पर आत्मविश्वास के साथ चलती दिखाई दीं, तो वह केवल एक व्यक्ति की सफलता नहीं थी, बल्कि यह उन सभी सपनों की जीत थी जो कभी किसी बच्चे की कल्पनाओं में जन्म लेते हैं।

उनका यह सफर कैनवास से कान्स तक की ऐसी प्रेरणादायक कहानी बन गया है, जो आने वाली पीढिय़ों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता रहेगा। मयूरी मित्तल ने अपनी उपलब्धि से यह संदेश दिया है कि सपनों की कोई सीमा नहीं होती। यदि उन्हें विश्वास, मेहनत और समर्पण का साथ मिल जाए तो वे एक दिन दुनिया के सबसे बड़े मंचों तक पहुंचा सकते हैं। कान्स के रेड कार्पेट पर उनकी चमकती मौजूदगी इसी सत्य का जीवंत प्रमाण बनकर उभरी है।