सख्ती: वैक्सीनेशन के बाद ही रेहड़ी-पटरी लगा सकेंगे दुकानदार

-कोरोना की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन जरूरी

गाजियाबाद। कोरोना वैक्सीनेशन में तेजी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कवायद तेज कर दी है। सड़कों पर रेहड़ी पटरी लगाने वाले दुकानदारों को दुकान लगाने के लिए पहले वैक्सीनेशन कराना होगा, उसके बाद ही दुकान खोल सकेंगे। जिसके लिए जिला नगरीय विकास अधिकरण (डूडा) ने आदेश कर दिया है कि जिन लोगों के पास पीला कार्ड नही होगा वह रेहड़ी पटरी नहीं लगा सकेंगे। डूडा परियोजना अधिकारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत निगम क्षेत्र के सभी पथ विक्रेताओं को पीला कार्ड या पहचान पत्र दिखाकर वैक्सीनेशन कराना होगा। जिसके पास पीला कार्ड नहीं है या फिर वैक्सीनेशन नहीं कराया है तो वह ठेली, पटरी, खोखा दुकान नही लगा सकेगा। बिना वैक्सीनेशन के रेहड़ी आदि लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पथ विक्रेता अपना पहचान पत्र बनवा सकते हैं। पवन कुमार शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार भले ही कम हो गई हो, लेकिन अभी खतरा टला नही है। कोरोना से बचने के लिए वैक्सीनेशन जरूरी है। रेहड़ी-पटरी वालों पर लोगों की ज्यादा भीड़ रहती है, जिससे संक्रमण का खतरा रहता है। ऐसे इनकी लापरवाही दुसरो पर भारी पड़ सकती है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए ही वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया रेहड़ी-पटरी वालों के लिए निगम परिसर में कैम्प लगाया गया था। उसमें काफी लोगों ने वैक्सीनेशन कराया। लेकिन काफी रेहड़ी-पटरी वालों ने अभी तक कोरोना का टीका नहीं लगवाया है। जिनसे वैक्सीनेशन के लिए अपील की जा रही है। जनपद में सोमवार से वैक्सीनेशन के लिए स्लॉट की समस्या खत्म हो गई है। अब ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन के बाद वैक्सीन लगवाई जा सकेगी। सोमवार को एक दिन में 27,078 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने एक दिन में 16 हजार वैक्सीन ही लगाई थी।