अवैध शराब समेत आबकारी विभाग ने दबोचा तस्कर

गाजियाबाद। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद के निर्देशन में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की रोकथाम के लिए प्रवर्तन अभियान जारी है। इसके अंतर्गत संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन, मेरठ एवं उप आबकारी आयुक्त मेरठ प्रभार, मेरठ के मार्गदर्शन में टी.एस. हयांकी आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 गाजियाबाद मय स्टाफ व थाना लिंक रोड पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से थाना लिंक रोड अंतर्गत महाराजपुर क्षेत्र से बृजमोहन उर्फ काले निवासी फेज वन-1366 गौतमपुरी थाना बदरपुर दिल्ली को 275 पव्वे अवैध विदेशी मदिरा, हरियाणा राज्य में बिक्री के लिए मान्य के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत थाना लिंक रोड में मुकद्मा पंजीकृत कराकर जेल भेजा गया। आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन हयांकी ने बताया कि पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र में लंबे समय से शराब की तस्करी कर रहा था।हरियाणा से शराब लाकर क्षेत्र में बेचता था। इसके खिलाफ लिंकरोड थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर इसे जेल भेजा गया।जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री करने वाले शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।