गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत टैंपों में सवार होकर मोहननगर जाते हुए लोनी क्षेत्र की रहने वाली महिला मनीषा से मोबाइल लूटकर भाग रहे बाइक सवार दो बदमाशों की पुलिस से हुई मुठभेड़ के बाद एक बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। जबकि इसका साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। लोनी सीओ अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि गुरूवार को दोपहर में महिला मनीषा लोनी से मोहननगर टैंपों में सवार होकर जा रही थी। तभी बाइक पर आए दो बदमाश उससे मोबाइल लूटकर फरार हो गए। इस मामले में सूचना मिलने पर लोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। लोनी थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह इस घटना के बाद टीम के साथ बदमाशों की सुरागकशी में लग गए। सूचना पर चेकिंग के दौरान लोनी थाना पुलिस ने शकलपुरा नहर के पास बदमाशों को घेरने का प्रयास किया। मगर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने पर एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से समीम पुत्र सलीम निवासी न्यू विकास नगर लोनी को घायल अवस्था में गिरफ्तार करने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया। इसके पास से मनीषा से लूटा मोबाइल,तमंचा और कारतूस एवं मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसका साथी मौके से फरार हो गया। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए बदमाश समीम के खिलाफ लोनी थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं।
















