-डॉ. बेचैन सिर्फ गाजियाबाद ही नहीं, पूरे देश के गौरव: अतुल गर्ग
गाजियाबाद। साहित्य के क्षेत्र में जनपद का नाम रोशन करने वाले साहित्यकार डॉ. कुंअर बेचैन के नाम पर शहर के एक मार्ग का नामकरण किया गया। इस मांग को लेकर पिछले कई माह से शहर में अभियान चलाया जा रहा था।
कई सामाजिक और वाणिज्यिक संगठनों ने मेयर और सरकार को पत्र लिखकर डॉ. कुंअर बेचैन के नाम पर नामकरण करने की मांग की थी। गुरुवार को मेयर आशा शर्मा ने प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की मौजूदगी में होली चाइल्ड चौराहे से डॉ. कुंअर बेचैन के घर तक के मार्ग का नाम डॉ. कुंअर बेचैन मार्ग रखा गया।
मेयर आशा शर्मा ने कहा कि गाजियाबाद के साहित्यप्रेमी लोगों के लिए यह गौरव की बात है कि डॉ. बेचैन के नाम पर सड़क का नामकरण किया गया। दुनिया के साहित्यक मंचों से अपनी गजल, गीत और कविता के जरिए लोकप्रिय हुए डॉ.कुंवर बेचैन ने देश की मातृभाषा हिंदी से पाकिस्तान में भी परचम लहराया था। स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि डॉ. बेचैन सिर्फ गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं।
जब तक लोग इस सड़क से गुजरेंगे, उन्हें डॉ. बेचैन की याद आती रहेगी। कार्यक्रम का संचालन कवि चेतन आनंद ने किया। कार्यक्रम में डॉ. माला कपूर, डॉ. रमा सिंह, वंदना कुंअर रायजादा, डॉ. तारा गुप्ता, डॉ. आरती बंसल, सुखबीर जैन, डॉ. अतुल जैन, अंजू जैन, गोविंद गुलशन, डॉ. अल्पना सुहासिनी, अखिल भारतीय साहित्य परिषद अमित्र फाउंडेशन के अध्यक्ष बीएल बत्रा अमित्र, शरद रायजादा, वर्णिका रायजादा, अचिन्त्य सक्सेना, दुर्गेश अवस्थी, मीरा शलभ, तूलिका सेठ, राकेश सेठ, डॉ. मधुबाला श्रीवास्तव व जगदीश मीणा आदि मौजूद थे।















