सीएम बनाने के संकल्प के साथ सपाईयों ने मनाया अखिलेश का जन्मदिन

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 48वां जन्मदिन कार्यकर्ताओं ने मनाते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घ जीवन की कामना की। जन्मदिन पर केक काटकर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। गुरूवार को कैला भट्टा पर सपा नेता अलाउद्दीन अब्बासी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया। सपा नेता अलाउद्दीन अब्बासी ने कहा प्रदेश में अबकी बार पुन: सपा सरकार आएगी। भाजपा की कार्य प्रणाली, महंगाई, भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त हो गई है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही सर्व समाज का हित है। आज किसान, व्यापारी, उद्यमी सभी वर्ग परेशान हैं और भाजपा की सरकार से निजात चाहते हैं। समाजवादी पार्टी की नीतियों व विचारधाराओं को अपनाकर ही देश व प्रदेश का भला हो सकता है क्योंकि समाजवादी विचारधारा मैं सभी को बराबरी व समानता का अधिकार मिलता है जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार केवल पूंजीपतियों के हितों को साधने का काम कर रही है। सपा नेता ने कहा इस समय प्रदेश व देश के अंदर हालात छिपे नहीं है। आम जनता की सुनवाई नहीं हो रही है। जनता मौजूदा भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से त्रस्त है और लोग सपा सरकार के कार्यकाल को याद कर रहे है। ऐसे में समाजवादी विचाराधारा को घर-घर तक पहुंचाया जायेगा। सूबे में अखिलेश यादव युवाओं की पहली पसंद हैं, उन्होंने कहा कि सपा सरकार की उपलब्धियों को देखकर ही जनता फिर से सपा सरकार चाहती है। जन हित के मुद्दों पर सपा ने प्रदेश में सरकार रहते हुए बिना भेदभाव काम किया है। इस दौरान मुस्तकीम, मुर्सलीन समेत कार्यकर्ता उपस्थित रहे।