जीडीए उपाध्यक्ष आगरा और नगर आयुक्त मेरठ के बनाए गये प्रेक्षक

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। प्रदेश शासन ने आज होने वाले ब्लॉक प्रमुख पद चुनाव के लिए जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश को आगरा जनपद का प्रेक्षक बनाते हुए नियुक्त किया है। जीडीए उपाध्यक्ष शुक्रवार को ही आगरा पहुंच गए थे। वहीं, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर को जनपद मेरठ का चुनाव प्रेक्षक बनाया है। नगर आयुक्त भी प्रेक्षक के रूप में शुक्रवार को ही मेरठ पहुंच गए थे। दोनों अधिकारियों ने 10 जुलाई को होने वाले मतदान को लेकर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। गाजियाबाद में तैनात दोनो IAS अधिकारियों को प्रदेश के तेज-तर्रार और युवा अधिकारियों में गिना जाता है। निष्पक्ष कामकाज को लेकर दोनों अधिकारियों की छवि बनी हई है। गाजियाबाद में इनके कामकाज की खूब तारीफ होती है। कोरोना संकटकाल में जब पूरा प्रदेश बेहाल था और गाजियाबाद में स्थिति भयावह हो गई थी। तब इन्हीं दोनों अधिकारियों की जोड़ी गाजियाबाद को कोरोना संकट से निकालने में सफल रही। प्रभारी जिलाधिकारी के रूप में कृष्णा करूणेश और आॅक्सीजन व हॉस्पीटल प्रभारी के रूप में महेंद्र सिंह तंवर ने काम करते हुए चंद दिनों में बेपटरी हो चुकी व्यवस्था को पुन: पटरी पर लाया था।