2 ठेकेदारों पर 1 लाख का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम ने किया निरीक्षण

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (अभियंत्रण) ए.के. अरोड़ा ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के आवासीय सेक्टर-1 का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न मिलने पर 2 ठेकेदारों पर एक लाख रुपए का जुर्माना किया गया।

ग्रेनो प्राधिकरण के महाप्रबंधक (अभियंत्रण) ए.के. अरोड़ा ने आवासीय सेक्टर-1 में निरीक्षण के दरम्यान मूलभूत सुविधाओं यथा सड़क, ड्रेनेज, सीवरेज, पेयजल आपूर्ति, पथ प्रकाश, सफाई व्यवस्था एवं उद्यानिक कार्यों की समीक्षा की। सेक्टर के अनुरक्षण कार्यों के लिए अनुबंधित फर्मों का काम-काज संतोषजनक नहीं मिला। अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। कार्यस्थल पर वर्क मैनशीप भी मानकों के विपरित मिली। इसके चलते मै. उर्मी इंटरप्राइजेज पर 50 हजार एवं मै. मां वैष्णो कंस्ट्रक्शन पर 50 हजार का अर्थदंड रोपित किया गया। इस राशि की कटौती फर्मों के आगामी बीजकों से की जाएगी।

फर्म के प्रतिनिधियों को कार्यस्थल पर कराए गए कार्यों में मिली सभी कमियों को दूर कर मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित फर्म के प्रतिनिधि यह भी सुनिश्चित कर लें कि भविष्य में इसका पुनरावृत्ति न होने पाए। अन्यथा अनुबंध की शर्तों के अनुसार फर्म के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए फर्म खुद उत्तरदायी होगी। महाप्रबंधक (अभियंत्रण) ए.के. अरोड़ा ने संबंधित अधिकारियों को आवासीय सेक्टर में आवश्यकतानुसार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।