विकास कार्यों पर 27.86 करोड़ खर्च करेगा Greater Noida Authority

ग्रेटर नोएडा। शहर में विकास कार्यों को जल्द गति मिल सकेगी। इसके लिए Greater Noida Authority करीब 27.86 करोड़ रुपए खर्च करेगा। इस सिलसिले में 12 टेंडर जारी किए गए हैं। इसके तहत विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। शहर के समुचित विकास की दिशा में Greater Noida Authority हरसंभव कदम उठा रहा है। प्रस्तावित योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कवायद तेज हो गई है।

27.86 करोड़ रुपए के टेंडर जारी करने के पीछे विकास की रफ्तार को धार देना है। एलईडी रूफ टॉप के अलावा मैन होल और सर्विस रोड का चौड़ीकरण आदि कार्य कराए जाने हैं। 6 प्रतिशत आबादी के भूखंडों पर भी विकास कार्य कराए जाने हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा जारी टेंडर में वर्क सर्किल-4 में सूथियाना गांव में आरसीसी रोड और ड्रेन के शेष कार्य भी शामिल हैं।

वर्क सर्किल-5 में Greater Noida Authority कार्यालय के भवन में एलईडी रूफ टॉप साइनेज लगाने और मेंटेनेंस के लिए टेंडर जारी किया गया है। इसी क्रम में सेक्टर इकोटेक-1 में 24 मीटर चौड़ी आंतरिक सड़क का रिसर्फेसिंग का काम कराया जाएगा। एच्छर टी प्वॉइंट से 130 मीटर चौड़ी सड़क तक और आईटीबीपी रोटरी से गेल रोटरी तक 60 मीटर चौड़ी सड़क का सुदृढ़ीकरण, सेक्टर ईटा-1 में आंतरिक रोड की रिसर्फेसिंग, एसके रोड टी प्वॉइंट से डेल्टा-1 रोटरी (लेबर चौक) तक और रियान रोटरी से गोल्फ रोटरी तक 60 मीटर चौड़ी रोड को मजबूत कराया जाना है।

Greater Noida Authority वर्क सर्किल-6 में घोड़ी बछेड़ा गांव के पॉकेट ई एवं एफ के 4 प्रतिशत, 6 प्रतिशत और 10 प्रतिशत आबादी भूखंडों को विकसित करने का काम कराएगा। हजरतपुर गांव में 6 प्रतिशत आबादी भूखंडों का विकास, वर्क सर्किल-7 में रिठौरी गांव के 6 प्रतिशत आबादी भूखंडों के शेष कार्य भी पूर्ण कराए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त वर्क सर्किल ई एंड एम-2 के तहत सेक्टर अल्फा-1, 2 एवं बीटा-1, 2 गामा-1, 2 तथा डेल्टा-1, 2, 3 में मिसिंग पोल और मिसिंग फिटिंग का काम प्रस्तावित किया गया है। वर्क सर्किल उद्यान के अंतर्गत जैतपुर कमर्शियल सेक्टर आबादी के चारों ओर 105 मीटर और 60 मीटर चौड़ी सड़कों पर पेड़-पौधे रोपित किए जाएंगे। इनके 3 साल तक के रख-रखाव की जिम्मेदारी कंपनी को दी जाएगी। इन सभी कार्यों के लिए Greater Noida Authority ने टेंडर जारी कर दिए हैं।