-नि:शुल्क खाद्यान्न और बैग पाकर खिले 150 कार्ड धारकों के चेहरे
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत राज्यमंत्री सड़क परिवहन तथा राजमार्ग वीके सिंह सिंह द्वारा काशीराम आवास योजना प्रताप विहार में पात्र लाभार्थियों को राशन के साथ-साथ राशन ले जाने के लिए बैग का भी वितरण किया गया। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने संजय नगर में कोटेदार अनुज राघव एवं विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी द्वारा कोटेदार नरेश की दुकान से निशुल्क खाद्यान्न बैग वितरण कराए गए।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आमजन की सुविधा एवं बरसात के मौसम के दृष्टिगत यह निर्णय लिया है कि राशन कार्डधारकों को नि:शुल्क राशन के साथ ही राशन ले जाने के लिए बैग भी उपलब्ध कराया जाए। अब राशन ले जाने में किसी समस्या या राशन के बारिश में भीगने से निजात मिल सकेगी। कार्यक्रम में राशन विक्रेता चमन शर्मा की दुकान पर प्रतीक स्वरूप 50 लाभार्थियों को राशन बैग वितरित किए। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने राशन डीलर अनुज राघव की दुकान पर 50 राशन कार्डधारकों को बैग में खाद्यान्न उपलब्ध कराया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया की सार्थक सोच के परिणामस्वरूप खाद्यान्न के साथ बैग भी नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी द्वारा डीलर नरेश की दुकान पर 50 राशन कार्डधारकों को बैग में खाद्यान्न उपलब्ध कराया। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजना का लाभ आमजन तक पहुंचे, जिसके लिए प्रशासन अपना पूरा सार्थक प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का निशुल्क राशन प्रदेश सरकार द्वारा तैयार किए गए निशुल्क बैग का वितरण सभी पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा ने बताया कि जनपद गाजियाबाद में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत अंत्योदय कार्डधारियों को निशुल्क खाद्यान्न व बैग का वितरण सरकार की मंशा के अनुरूप कराया जाएगा। जनपद में लगभग 4 लाख 21 हजार राशन कार्ड होल्डर हैं, जिनमें से लगभग 8,500 कार्ड अंत्योदय कार्ड है। उन्होंने बताया कि कार्डधारकों को 5 किलो राशन प्रति यूनिट दिया गया। जिसके अंतर्गत 2 किलो चावल 3 किलो गेहूं का वितरण किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास, उप-जिलाधिकारी सदर डी.पी. सिंह, सूचना विभाग से गौरव दयाल एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















