रोहिंग्या मामले में नगरायुक्त ने दिए जांच के आदेश

गाजियाबाद। पीएम आवास योजना में रोहिंग्या को लाभ दिए जाने के भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर के आरोपों की जांच की जाएगी। नगरायुक्त एवं जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के परियोजना निदेशक महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि सभी आवेदकों की जांच कराई जाएगी। नगरायुक्त ने डूडा के परियोजना अधिकारी संजय कुमार को शहर के अलावा लोनी, मुरादनगर, मोदीनगर और डासना क्षेत्र के आवेदकों का सत्यापन करने का आदेश दिया है।

यह भी पढ़े  गाजियाबाद में रोहिंग्या का खतरा, सरकार से पैसा लेकर बनाया घर, सरकारी एजेंसी अब कर रही है जांच – Rohingya

डूडा द्वारा इस योजना के तहत 2019 से जून 2021 तक लोनी क्षेत्र में 5220 लाभार्थियों में से प्रत्येक को 2.50 लाख रुपए अनुदान राशि दी है। यह अनुदान पक्का मकान बनाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा सब्सिडी के रूप में दिया जाता है। आवेदक द्वारा आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, भूखंड की रजिस्ट्री, फोटो, बैंक पासबुक की कॉपी आदि दस्तावेज लगाए जाते हैं। मामला गरमाने पर डूडा के परियोजना निदेशक महेंद्र सिंह तंवर ने परियोजना अधिकारी संजय कुमार के साथ बैठक की।

यह भी पढ़े – 32.80 करोड़ से लोनी नगर पालिका कराएगी विकास कार्य

उन्होंने विधायक की शिकायतों के बिंदुओं पर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि लोनी, मुरादनगर, मोदीनगर और डासना क्षेत्र में योजना का लाभ प्राप्त लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। जनपद में आवेदकों का सत्यापन करने हेतु नामित तीन फर्मों की ओर से किए गए सत्यापन की भी क्रॉस चेकिंग कराने को कहा गया है। विधायक ने इन फर्मों के कर्मचारियों पर भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। जिले में बीते 4 साल में पीएम आवास योजना के तहत दिए गए ऋण के लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि अपात्रों को लाभ देने के आरोप सही मिले तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।