-थानों में आने वाले आमजन से अच्छे व्यवहार की एसएसपी ने दी नसीहत
गाजियाबाद। आगामी 5 अगस्त को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिले में नि:शुल्क राशन एवं बैग का वितरण कार्यक्रम के मद्देनजर राशन दुकानों पर डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। मंगलवार को एसएसपी अमित पाठक ने कैंप कार्यालय पर एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा, एसपी क्राइम सुभाष चंद गंगवार एवं जिले के सभी सीओ के साथ बैठक की। 
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थानों पर आने वाली शिकायतों को दर्ज कराया जाए। वहीं, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से कम से कम समय पर सभी अधिकारी निस्तारण कराएं। उन्होंने निर्देशित किया कि थानों में महिला शिकायत रजिस्टर को दुरूस्त रखा जाए। महिलाओं से संबंधित आने वाली शिकायतों के मामले में दर्ज कर उनका निस्तारण कराएं। एसएसपी ने कहा कि थाने व चौकी में आने वाले आमजन से लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ व्यवहार ठीक प्रकार से किया जाए। लंबित विवेचनाओं को जल्द निस्तारण कराया जाए। वहीं, धोखाधड़ी एवं जमीनों पर कब्जा करने वाले भू-माफिया के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई कराए। एसएसपी ने बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसपी एवं सीओ अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारियों एवं व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी कर उनकी समस्याएं सुनें। समस्याएं सुनने के बाद उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराएं। ताकि उनकी समस्याओं का निस्तारण हो सके।
















