अवैध शराब माफिया को चिन्हित कर की जाए छापेमारी: सेंथिल पांडियन सी

– सीसीटीवी कैमरे, परिवहन के लिए वाहनों पर जीपीएस सिस्टम एवं तकनीकी का करें उपयोग

गाजियाबाद। आबकारी आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में राजस्व वृद्धि एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्य के संबंध में बैठक की गई। बैठक में आयुक्त द्वारा जिले में राजस्व वृद्धि, प्रभावी प्रवर्तन कार्य के लिए निर्देशित किया गया। समस्त आसवनियों में सीसीटीवी कैमरे, परिवहन के लिए समस्त वाहनों पर जीपीएस सिस्टम एवं तकनीकी का पूर्ण उपयोग कर कार्यों को पूर्ण दक्षता एवं गुणवत्ता के साथ करने हेतु निर्देशित किया गया। आबकारी आयुक्त सेंथिल पांडियन सी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध और जहरीली शराब का धंधा किसी कीमत पर न चलने दिया जाए।

पूरे प्रदेश में रोजाना गुप्त छापेमारी की जा रही है। गाजियाबाद जिले में भी अवैध शराब माफिया को चिन्हित कर छापेमारी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि छापेमारी अभियान को गुप्त रखा जाए। शराब माफिया पर कड़ी कार्रवाई करने के उन्होंने निर्देश दिए। जनपद में जो भी डिस्टलरी हैं उनकी मुख्यालय से निगरानी की जाए। इसके लिए डिस्टलरी के सभी सीसीटीवी कैमरे मुख्यालय से लिंक करने का निर्देश दिया गया। अवैध शराब के धंधे को बंद कराने के लिए मौजूदा नियमों के साथ साथ अन्य उपायों पर भी बैठक में मंथन किया गया। आबकारी आयुक्त सेंथिल पांडियन सी ने कहा कि अवैध व विशाक्त मदिरा को शून्य करना प्रथम लक्ष्य है। इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि जो भी जांच हैं उनकी रिपोर्ट 15 दिन में पूर्ण कर ली जाए। अवैध शराब की बिक्री आदि की जो भी शिकायतें जनता या गुप्त रूप से आती हैं उन पर त्वरित कार्रवाई किया जाना सुनिश्चित करें।

आबकारी आयुक्त ने कहा कि मेथेनॉल की बिक्री, संचयन, परिवहन पर नियंत्रण रखा जाए। शराब माफिया की लिस्ट अपडेट करने के लिए भी उन्होंने निर्देशित किया और जनपद के तीन बड़े माफिया के नाम भी संकलित किए जाएं। बैठक में आबकारी आयुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि यह ध्यान रखा जाए कि दर्ज मामलों में शराब माफिया के नाम न कटने पाएं। बैठक में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान निरंतर जारी है। समय-समय पर की जाने वाली कार्रवाई में शराब तस्करों को पकड़ा भी गया है। उन्होंने आबकारी आयुक्त को आश्वस्त कर कहा कि जो भी दिशा निर्देश प्राप्त होते हैं उन पर अक्षरश पालन किया जा रहा है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी यशवर्धन श्रीवास्तव, उप आबकारी आयुक्त मेरठ आर के शर्मा, जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह, सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन, सहायक आबकारी आयुक्त डिस्टिलरी, समस्त आबकारी निरीक्षक गाजियाबाद सहित डिस्टिलरी एवं थोक के समस्त अनुज्ञापि उपस्थित रहे।