कड़ी सुरक्षा के बीच 32 केन्द्रों पर हुई बीएड की प्रवेश परीक्षा

-थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइजर के प्रयोग के बाद मिला प्रवेश, 3 हजार अभ्यार्थियों ने छोड़ी परीक्षा

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा कड़ी निगरानी और कोविड से बचाव के साथ शुक्रवार की सुबह नौ बजे से परीक्षा शुरू हो गई। परीक्षा शुरू होने के पहले केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ी और लोगों का हुजूम भी लगा। आनन फानन केंद्रों पर पहुंचने की होड़ सुबह से ही लगी रही। केंद्रों तक दौड़ के साथ ही कोरोना गाइड लाइन का अनुपालन भी केंद्रों पर कड़ाई से किया गया। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के दौरान थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइजर का प्रयोग करने के बाद ही केंद्रों में प्रवेश करने दिया गया। जिले के 32 केंद्रों पर आयोजित हुई बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल,इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि ले जाना प्रतिबंधित किया गया था। परीक्षा 32 केंद्रों पर होने के चलते शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 32 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे। दो पालियों में हुई परीक्षा के लिए 14001 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए थे। इनमें से करीब 3 हजार अभ्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। बीएड सत्र 2021 की प्रवेश परीक्षा के लिए केंद्रों पर जिले में बनाए गए 32 केंद्रों में से 20 केंद्रों पर 500-550 और बाकी के 12 केंद्रों पर 300-300 अभ्यार्थी पंजीकृत थे। कोविड प्रोटोकॉल के तहत अभ्यार्थियों को सोशल डिस्टेंस के साथ परीक्षा कराई गई। सभी छात्रों को फेस शील्ड, मास्क और सेनेटाइजर के साथ ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई।परीक्षा देने के लिए बड़ी संख्या में दूरदराज के शहरों से भी अभ्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षार्थियों की थर्मल स्कैनिंग से जांच की गई। इसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों के अलावा 32 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। वहीं आठ अधिकारियों को रिजर्व में रखा गया था। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। हर केंद्र पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। वहीं,सभी अपर नगर मजिस्ट्रेट और एसडीएम की तैनाती अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर लगाई गई। परीक्षा एसडी कॉलेज, आजाद मैमोरियल इंटर कॉलेज, लाजपत राय पीजी कॉलेज, मान्यवर कांशीराम राजकीय कॉलेज, सेठ मुकुंद लाल इंटर कॉलेज, एमबी गल्र्स इंटर कॉलेज, वीएमएलजी कॉलेज, एमएमएच कॉलेज, सनातन धमज़् इंटर कॉलेज, सुशीला इंटर कॉलेज, जैनमति उजागर मल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सहित जिले के 32 केंद्रों पर आयोजित कराई गई।