-नेहरू नगर में भूमिगत जलाशय का निर्माण कराया
गाजियाबाद। नगर निगम ने नेहरू नगर में पेयजल संकट का समाधान कर दिया है। कई साल पुरानी यह समस्या दूर होने से नागरिकों ने राहत की सांस ली है। नेहरू नगर में भूमिगत जलाशय का निर्माण कराया गया है। भाजपा पार्षद हिमांशु लव इस कार्य के लिए काफी समय से प्रयासरत थे। वार्ड-39 नेहरू नगर में जल निगम की कंस्ट्रक्शन एडं डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) शाखा से भूमिगत जलाशय का निर्माण कराया गया है। नेहरू नगर कॉलोनी में ओवरहैड टैंक में पानी का प्रेशर कम होने की वजह से पिछले कई साल से क्षेत्र में लोग पानी की समस्या से लोग जूझ रहे थे। नगर निगम की नेहरूनगर में पुरानी ओवरहैड टैंक पानी की टंकी है। मगर पानी का प्रेशर टैंक मेें कम होने की वजह से पानी की सप्लाई पूरी नहीं हो पाती थी। वार्ड-39 के पार्षद हिमांशु लव ने कहा कि भूमिगत जलाशय का निर्माण होने के बाद अब कॉलोनी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से लोगों को मिल सकेगी। नगर निगम के जलकल महाप्रबंधक योगेश श्रीवास्तव ने बताया कि सीएंडडीएस शाखा से 1 करोड़ रुपए की लागत से इस भूमिगत जलाशय का निर्माण कराया गया है। इसके चालू होने के बाद अब 2.50 लाख लीटर पानी सीधे ओवरहैड टैंक में पहुंचाया जाएगा। उसके बाद टैंक से नेहरूनगर कॉलोनी में पानी की सुबह एवं शाम को पर्याप्त मात्रा में सप्लाई हो सकेगी। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।सीएंडडीएस के स्थानिक अभियंता रोहित तोमर ने बताया कि नगर निगम द्वारा पानी का प्रेशर कम होने के चलते यहां पर भूमिगत जलाशय का निर्माण कराया है। सीएडंडीएस शाखा द्वारा करीब 1 करोड़ रुपए की लागत से नेहरूनगर में इस भूमिगत जलाशय का निर्माण किया गया। इसकी 2.50 लाख लीटर पानी की क्षमता होगी। इस भूमिगत जलाशय से अब पानी को सीधे ओवर हैड टैंक में भेजा जाएगा। ओवरहैड टैंक से पानी नेहरूनगर कॉलोनी में सप्लाई हो सकेगा।
















