नगर निगम ने 15 कोरोना पीडि़त परिवार को दी हाउस टैक्स में छूट

-मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने टैक्स वसूली को लेकर जोनल प्रभारियों के साथ की बैठक

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम ने अब तक 15 कोरोना पीडि़त परिवारों को हाउस टैक्स में छूट देने की स्वीकृति दे दी है। सोमवार को कोरोना पीडि़त परिवारों से प्राप्त समस्त आवेदनों का निपटारा कर दिया गया। अब जो आवेदन आएंगे, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। सोमवार को मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने नगर निगम के सभी जोन के जोनल प्रभारियों के साथ बैठक कर टैक्स वसूली की समीक्षा की। ज्ञात हो कि नगर निगम बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि जिन परिवारों में कोरोना से मौत हुई है, उस परिवार से हाउस टैक्स की वसूली नहीं की जाएगी। नगर निगम के निर्णय के बाद से अब तक 15 लोगों ने टैक्स में छूट के लिए आवेदन किया है। इन सभी आवेदन पत्रों को निस्तारित कर पीडि़त परिवार को टैक्स में छूट दे दी गई है। टैक्स वसूली बढ़ाने को लेकर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने जोनल प्रभारियों के साथ बैठक कर अब तक हुई टैक्स वसूली की समीक्षा की। वित्त वर्ष 2021-22 के लिए नगर निगम ने 183 करोड़ रुपए की टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा है। जो कि पिछले वर्ष से 30 करोड़ रुपये अधिक है। अप्रैल से जुलाई तक 36 करोड़ रुपये टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा गया था, जिसके सापेक्ष में 34 करोड़ रुपये की वसूली हुई है। डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशन में टैक्स वसूली बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। जिन संपत्तियों पर टैक्स नहीं लगा है, उन पर टैक्स लगाया जा रहा है। नगर निगम की आमदनी को बढ़ाने के लिए सभी जोनल प्रभारी और टैक्स सुपरीटेंडेंट को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं। बैठक में वसुंधरा के जोनल प्रभारी सुनील राय, सिटी जोन के जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा, कविनगर जोन के जोनल प्रभारी हरिकिशन गुप्ता, विजय नगर जोन के जोनल प्रभारी बनारसी दास और मोहन नगर जोन के जोनल प्रभारी राजवीर सिंह मौजूद रहे।