रक्षाबंधन पर संचालित होंगी अतिरिक्त बसें

-महिलाओं को मुफ्त सफर का मिलेगा तोहफा

गाजियाबाद। भाई-बहन के पवित्र बंधन यानि रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बसों में जहां महिलाएं फ्री में सफर कर सकेंगी। वहीं, रोडवेज द्वारा रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर 200 अतिरिक्त बसों का राउंड दा क्लॉक संचालन किया जाएगा। गाजियाबाद रीजन के आरएम अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए 19 अगस्त से चार दिनों तक बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। रीजन के सभी डिपो से 200 अतिरिक्त बसों का फेरे बढ़ाकर संचालन किया जाएगा। आरएम ने सभी डिपो के एआरएम एवं शाखा प्रबंधकों को बसों को दुरूस्त करने के निर्देश दिए है। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन हो इसके लिए भी अतिरिक्त टीम भी लगाई जाएगी। रोडवेज के आरएम अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन त्योहार को लेकर सभी डिपो के एआरएम को 17 अगस्त तक तमाम बसों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। करीब 200 बसों का संचालन 19 अगस्त से किया जाएगा। सभी बसों को ऑन डिमांड लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, एटा, मैनपुरी, अलीगढ़, बरेली,आगरा, मुरादाबाद, प्रयागराज आदि रूटों पर चलाया जाएगा। अतिरिक्त बसों का संचालन करने के साथ ही सभी रूटों पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। लखनऊ,कानपुर, फैजाबाद, देहरादून,ऋषिकेश,हरिद्वार रूट पर चलने वाली बसों को तुरंत वापस आने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि ज्यादा से ज्यादा फेरे लगाए जा सकें। उन्होंने बताया कि कौशांबी डिपो, गाजियाबाद डिपो, आनंद विहार, कश्मीरी गेट, सराये काले खां, लोनी डिपो से अतिरिक्त बसों का संचालन होगा। एक बार में हर डिपो पर 25 बसें तैयार रहेंगी।आरएम ने बताया कि एसी बसों की जानकारी एक सप्ताह पहले ही ऑनलाइन कर दी गई। यात्री घर बैठे ही टिकट बुक कराकर अपनी सीट रिजर्व करा सकें।सभी चालक और परिचालकों की छुट्टी कैंसिल कर दी गई है। बस खराब होने पर एक मैकेनिकल टीम भी बनाई गई है। जो बस खराब होने की शिकायत पर तुरंत रिस्पांस करेगी। आरएम ने बताया कि 19 अगस्त से 22 अगस्त तक 200 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। ये बसें कौशांबी, दिल्ली के आनंद विहार, कश्मीरी गेट और सराय काले खां बस अड्डे से चलेंगी। रक्षा बंधन के दिन 21 अगस्त की रात 12 बजे से 22 अगस्त की रात 12 बजे तक बहनों से किराया नहीं लिया जाएगा।