डीआईजी अमित पाठक ने पुलिसकर्मियों से कहा कानून व्यवस्था में लापरवाही नहीं करेंगे बर्दाश्त

-डॉयल-112 पीआरवी एवं ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ एसएसपी ने की बैठक

गाजियाबाद। डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने डॉयल-112 पीआरवी एवं ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। मंगलवार को लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित गोष्ठी में एसएसपी अमित पाठक ने एसपी सिटी निपुण अग्रवाल, एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा की मौजूदगी में पुलिस कर्मियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि पुलिस रेस्पांस व्हीकल (पीआरवी) डॉयल-112 पर घटना की सूचना मिलने के बाद कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर समस्या का निदान किया जाए। आमजन की शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निस्तारण करने के साथ घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाना और पीडि़त को सहानुभूतिपूर्वक थाने पर पहुंचाए।

लोगों से सभी पुलिसकर्मी मधुर व्यवहार करें। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्रों में भ्रमण पर रहे। वहीं,आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित थाना पुलिस से सामंजस्य बनाकर संवेदनशील क्षेत्रों में मौके पर गश्त करते रहे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर सजग रहने के निर्देश दिए। वहीं,जिले में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को व्यस्ततम चौराहों,मुख्य मार्ग,प्वाइंट को चिन्हित करते हुए डग्गामार वाहनों,ऑटो,टैंपों आदि पर कार्रवाई करें। वाहनों में बेतरतीब सवारी भरने व सड़कों पर अतिक्रमण कर ट्रैफिक जाम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए उन्हें जागरूक करने के लिए निर्देशित किया। एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान बेहतर काम करने वाले 6 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। इनमें नेहरूनगर चौकी प्रभारी विजय कुमार, हेडकांस्टेबल धर्मेंद्र गौतम,सिपाही चंदन सिंह,यशवंत सिंह को सोमवार को थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार तीन अपराधियों को 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिसकर्मियों ने गिरफ्तार किया।गिरफ्तार किए गए बदमाशों के खिलाफ कई थानों में चोरी,गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज है। वहीं,ट्रैफिक पुलिस के हेडकांस्टेबल विक्रम सिंह गिरी,सिपाही मनवीर सिंह को शुक्रवार को ड्यूटी करते हुए चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट सवार युवक को चोरी की बाइक समेत पकड़ा था। वहीं, एसएसपी अमित पाठक ने शहर में जाम की समस्या पैदा करने और सड़कों पर अतिक्रमण किए जाने को लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने शहर के कई क्षेत्रों में पैदल मार्च करते हुए अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी अमित पाठक ने एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा,एसपी सिटी निपुण अग्रवाल, सीओ कविगनर अंशु जैन, ट्रैफिक इंस्पेक्टर परमहंस तिवारी आदि के साथ आरडीसी,पुराना बस अड्डा, मोहननगर चौराहा,आंनद विहार बस अड्डा एवं ईडीएम मॉल कट कौशांबी, बॉर्डर क्षेत्र में पैदल गस्त करते हुए सड़कों पर ठेली-पटरी लगाने,टैंपों खड़ा करने वाले,अवैध रूप से पार्किंग बनाकर टै्रफिक जाम की समस्या पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि शहर में जाम लगने की वजह से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए ठेली-पटरी,दुकान,अवैध पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ताकि सड़कों पर जाम न लगने पाए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि चालान काटने के साथ सड़कों किनारे से ठेली-पटरी हटाई जाए।