स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मिलेगी बॉक्सिंग गेम की सुविधा
12 खेलों के लिए कोच भी उपलब्ध कराएगा प्राधिकरण
ग्रेटर नोएडा। टोक्यो ओलंपिक में लवलीना बोरगोहेन ने शानदार प्रदर्शन किया है। बॉक्सिंग में पदक जीत कर उन्होंने देश का नाम रोशन किया है। इससे प्रेरित होकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्राधिकरण अपने अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहली बार बॉक्सिंग गेम की सुविधा शुरू करने जा रहा है। यानी इस कॉम्पलेक्स में भविष्य के लिए ओलंपिक पदक के संभावित विजेता तैयार हो सकेंगे। इसके अलावा स्वीमिंग पूल सहित सभी 12 खेलों के एकेडमी की तलाश शुरू कर दी गई है। इसके लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल निकाला है। इसकी प्री-बिड मीटिंग भी आयोजित की गई।
ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टेनिस, बास्केट बॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, स्केटिंग, शूटिंग, फुटबाल, मल्टी जिम, क्रिकेट, स्वीमिंग, बॉक्सिंग और स्क्वैश खेल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है। इनमें बॉक्सिंग व स्वीमिंग गेम्स की सुविधा पहली बार आरंभ होगी। इन खेलों को शुरू करने के लिए अच्छी एकेडमी व कोच की तलाश थी। यह तलाश अब पूरी होने जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण के निर्देश पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मौजूद खेल की अच्छी एकेडमी व कोच के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल निकाला गया है। इच्छुक 15 एकेडमी के प्रतिनिधियों के साथ प्री-बिड मीटिंग भी की गई। इस रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल में आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त है। प्राधिकरण की निर्धारित शर्तों को क्वालीफाई करने वाली एकेडमी प्रस्तुतिकरण देंगे। तदुपरांत एकेडमी का चयन किया जाएगा।
प्राधिकरण का सबसे ज्यादा फोकस योग्य कोच पर है। जिस एकेडमी के पास योग्य कोच होंगे, उसे प्राथकिता दी जाएगी। अगर एकेडमी के पास राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय स्तर का कोच है और उसे खेल अवार्ड भी मिले हैं तो एकेडमी के चयन के दौरान उसे ज्यादा अंक दिए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कोशिश है कि सितंबर में सभी 12 खेलों के लिए एकेडमी की तलाश पूरी कर ली जाए, जिससे खिलाड़ी इन खेलों की बारीकियां सीख सकें और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में जिला, प्रदेश व देश का नाम रोशन कर सकें।
















