इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में आएगी औद्योगिक योजना

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने निरीक्षण किया

ग्रेटर नोएडा। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में औद्योगिक भूखंड योजना पर काम तेज हो गया है। यह योजना जल्द लॉन्च होने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण ने इस संबंध में औचक निरीक्षण किया। इस दरम्यान सीईओ ने हायर कंपनी की साइट को भी देखा। वहां कंपनी द्वारा प्रस्तावित पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सीईओ ने टाउनशिप में ग्रीनरी को और विकसित करने के निर्देश दिए।

दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त उपक्रम इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा लि. (आईआईटीजीएनएल) की ओर से करीब 750 एकड़ में इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप बसाई जा रही है। इस टाउनशिप में 5 बड़ी कंपनियां प्लांट स्थापित करेंगी। इनमें हायर इलेक्ट्रॉनिक्स, फोर्मे मोबाइल, सत्कृति इंफोटेनमेंट, चेनफेंग (एलईडी कंपनी) और जे वर्ल्ड इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं। ये कंपनियां 3700 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश कर रही हैं। इन कंपनियों में 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा।

इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इसी माह औद्योगिक भूखंड योजना लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत करीब 4 एकड़ से लेकर 13.5 एकड़ तक के भूखंड शामिल किए गए हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने टाउनशिप में कराए गए विकास कार्यों, सड़क, ग्रीनरी इत्यादि का जायजा लिया। सीईओ ने इंटीग्रेटेड टाउनशिप में औद्योगिक योजना शीघ्र लाने के निर्देश दिए।

आईआईजीएनएल की 5 प्रमुख कंपनियां

कंपनी                निवेश            रोजगार
हायर कंपनी         3069 करोड़     5000
फोर्मे मोबाइल        100 करोड़        600
सत्कृति इंफोटेनमेंट  235 करोड़      2000
चेनफेंग (एलईडी)    206 करोड़      1100
जे वर्ल्ड इलेक्ट्रॉनिक्स 100 करोड़      525