स्वतंत्रता दिवस पर कवियों ने शहीदों को किया नमन

-स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर श्री बांके बिहारी परिवार ने किया कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन

गाजियाबाद। श्री बांके बिहारी परिवार द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मोहननगर स्थित आईटीएस संस्थान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बलदेव राज शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, कार्यक्रम अध्यक्ष नवीन गर्ग ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कवियों ने अपनी देशभक्ति से परिपूर्ण रचनाओं से सभी का दिल जीता। कार्यक्रम के प्रारंभ में कवियों ने यह पंक्तियां पढ़कर..भारत माता के कोटि-कोटि बेटे आबाद नहीं होते, अमर तिरंगे के तीनों रंग जिंदाबाद नहीं होते, आओ हम मिलकर सारे फूल चढ़ा दें उनके चरणों में, अगर अमर शहीद नहीं होते तो हम आजाद नहीं होते..श्रोताओं को महफिल से बांध दिया। कार्यक्रम अध्यक्ष नवीन गर्ग ने कहा समाज एवं राष्ट्र की चेतना को जागृत करने और राष्ट्रीय आदर्शों एवं मानवीय मूल्यों के संरक्षण में हमें और अधिक संवेदनशील बनाने में सरस्वती के उपासक लेखकों, कवियों का अद्वितीय योगदान रहा है। राज्यमंत्री बलदेव राज शर्मा ने कहा स्वतंत्रता दिवस देशभक्तों व अमर शहीदों के बलिदान के बाद मिली भारत माता की आजादी के जश्न का दिन है। हम सभी आजादी का जश्न तो अवश्य मनाएं लेकिन एक नए भारत के निर्माण (भय, भूख और भ्रष्टाचार से मुक्त भारत) के संकल्प के साथ युग प्रवर्तक बने। कार्यक्रम में कवि शम्भू शिखर, राज कौशिक, रूचि चर्तुवेदी, अमित शर्मा, रूपा राजपूत, दीपाली जैन, गौरव चौहान, कुशल कुशवाहा, बीएन अग्रवाल, प्रेमचंद गुप्ता, अरूण गुप्ता, सुरेन्द्र शर्मा एवं समाजेसपी वेद प्रकाश गर्ग खादी वाले को स्वागत अध्यक्ष मंयक गोयल, नवीन गर्ग, संयोजक मनमोहन मित्तल ने संयुक्त रूप से स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मन्नित किया।