-केमिस्ट संस्थाओं के प्रतिनिधि के साथ एफडीए कमेटी का गठन की मांग
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण अतुल गर्ग को गाजियाबाद केमिस्ट एसोसिएशन ने पत्र भेजकर कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से बचाव के संबंध में कुछ सुझाव दिए हैं। अध्यक्ष राजदेव चौधरी व महामंत्री आर. पचौरी का कहना है कि कोविड-19 की तीसरी लहर आने की संभावना जाहिर की गई है। तीसरी लहर में पूर्व की भांति दवा वितरण में कोई समस्या न आए इसके लिए राज्य मंत्री की अध्यक्षता में केमिस्ट संस्थाओं के प्रतिनिधि के साथ एफडीए अभीहित अधिकारी व अन्य अधिकारियों सहित कमेटी का गठन किया जाए। दान में मिले कुछ ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सीएमओ कार्यालय में रखे हैं। जिनका उपयोग सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से किया जा सकता है। नर्सिंग होम व अस्पतालों को कोविड-19 उपचार की अनुमति के साथ मरीज भर्ती की बाध्यता की जाए। महामारी के समय जनपद की सभी सामाजिक संस्थाओं का सहयोग निश्चित रूप से लिया जाए। इसके अलावा सरकारी अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति प्राथमिकता पर होनी चाहिए। एसोसिएशन ने सुझाव दिए कि आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का विकेंद्रीकरण होना चाहिए। सभी के लिए एक ही तरह के उपाय ठीक नहीं हैं क्योंकि जिला स्तर पर कोरोना के मामले और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति अलग-अलग होती है। स्वास्थ्य सेवाओं जैसे एंबुलेंस, ऑक्सीजन, ज़रूरी दवाओं और अस्पताल में इलाज की कीमत पर सीमा निर्धारित होनी चाहिए और एक पारदर्शी राष्ट्रीय मूल्य नीति बनानी चाहिए। निजी क्षेत्र सहित स्वास्थ्य प्रणाली के सभी क्षेत्रों में मौजूद सभी मानव संसाधनों को कोविड-19 से लड़ाई के लिए तैयार करना चाहिए। इस लड़ाई के लिए उनके पास पर्याप्त संसाधन भी होने चाहिए, जैसे अपनी सुरक्षा के लिए उपकरण, क्लीनिकल हस्तक्षेप के इस्तेमाल के लिए मार्गदर्शन, बीमा और मानसिक स्वास्थ्य के लिए सहयोग। इस मौके पर वरिष्ठ मंत्री अमित बंसल ,वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप गर्ग, अनिल गुप्ता, मनीष गर्ग ,संजीव शर्मा, तुषार अरोड़ा, साजिद खान, पंकज गर्ग, शैलेश सैनी, आयुष सिंघल, अनुज गर्ग अजय बंसल, संजीव देवकमल, राहुल शर्मा, रविंदर शर्मा, प्रदीप पाल, आदि समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।















