9 साल की बच्ची का बोरी में मिला शव

-हत्या कर शव को फेंका, क्षेत्र में हड़कंप

गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की गरिमा गार्डन स्थित गाजियाबाद पब्लिक स्कूल के पास खाली मैदान में मंगलवार की सुबह बोरी में लगभग 9 साल की बच्ची का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे महिला एवं पुरूष शव को देखकर चौंक गए। शव की पहचान नहीं हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गाजियाबाद पब्लिक स्कूल के पास खाली मैदान से एक बोलेरो जा रही थी। बोलेरो में बोरी फंस गई। बोरी फटने के बाद लोगों ने बच्ची का शव देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह,सीओ साहिबाबाद आलोक दुबे, टीला मोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश आर्य मौके पर पहुंचे। बच्ची की हत्या कर शव बोरी में डालकर दो से तीन दिन पहले फेंका गया। मगर बच्ची की पहचान नहीं हो पाई। सीओ आलोक दुबे ने बताया कि आसपास के थानों में बच्ची का शव मिलने की जानकारी दे दी गई है,जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुटी है।

एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि शव दो से तीन दिन पुराना है। शव सडऩे लगा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि बच्ची की हत्या कैसे की गई है। आसपास के सभी थानों को बच्ची की फोटो और शव मिलने की सूचना भेज गई है। वहीं, दूसरी ओर हत्या के बाद बच्ची का शव बोरी में डालकर फेंकने से पसौंडा में सनसनी फैल गई है। यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। टीला मोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश आर्य का कहना है कि बच्ची के शव की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से फोटो दिखाकर पूूछताछ की जा रही है। हालांकि बच्ची की पहचान नहीं हो सकी है। जल्द से जल्द बच्ची की पहचान कर हत्या के आरोपित और उसकी वजह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा हैं।