पूर्व मेयर के मामा को लूटा, लूटपाट के बाद बदमाशों ने छुए पैर और नाश्ता करने के लिए दिए 500 रूपए

-पूर्व मेयर के मामा को बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर की लाखों की लूट
-पुलिस चौकी से 500 मीटर की दूरी दिया वारदात को अंजाम
-पुलिस का खेल, लूट की घटना को चोरी में दिखाने का किया प्रयास

गाजियाबाद। शहर में लगता है बदमाशों पर पुलिस का खौफ अब कम हो गया है। कविनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पॉश कॉलोनी राजनगर सेक्टर-9/9 में पुलिस चौकी से मात्र 50 मीटर की दूरी पर पूर्व मेयर आशु वर्मा के रिश्तेदार की कोठी में घुसकर चार नकाबपोश बदमाश लाखों रुपए की लूट कर फरार हो गए। पॉश इलाके में गन प्वाइंट पर महिला से लूट की। इसके बाद पैर छूकर माफी मांगी और जाते हुए 500 रुपए देकर नाश्ता कर लेने की बात कहकर गए। लूट की इस वारदात के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कविनगर सीओ अंशु जैन,कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा, चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। वारदात मंगलवार तड़के ढाई बजे के करीब दीवार फांदकर बदमाश कोठी में घुसे और गैस कटर से साइड वाले दरवाजे का ताला काटा और दूसरे दरवाजे का शीशा तोड़कर लाबी में दाखिल हुए। दो घंटे तक पूरे घर को खंगाला और फिर 1.10 लाख रुपए और 2 लाख रुपए के गहने लेकर फरार हो गए।
सेक्टर-9/9 में रहने वाले सुरेंद्र वर्मा पूर्व महापौर आशु वर्मा के रिश्ते के मामा हैं और उनकी कोठी के पास ही सुरेंद्र की कोठी है। 82 वर्षीय सुरेंद्र पत्नी अरुणा के साथ भूतल पर रहते हैं और प्रथम तल पर निजी कंपनी के प्रबंधक अरुण श्रीवास्तव परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। दूसरे तल के कमरे में घरेलू सहायक मीना पति हरपाल के साथ रहती है। हरपाल दिन में कोठी पर गार्ड के रूप में तैनात है। तीनों बेटी शादीशुदा हैं, जो बोस्टन, हांगकांग और कनाड़ा में रहती हैं। अरुणा ने बताया कि तड़के साढ़े तीन बजे लाबी में रोशनी दिखी और आहट भी हुई। बेडरूम से बाहर निकलीं और लाबी का बल्ब जलाया तो चार नकाबपोश अलमारी खंगाल रहे थे। चारों उनकी ओर दौड़े और शांत रहने का इशारा कर चाकू दिखाते हुए कमरे में ले गए। एक बदमाश सुरेंद्र को नींद से उठाने के लिए झकझोरा तो अरुणा ने सुरेंद्र से दूर रहने को कहा। बदमाशों के दोनों के फोन लेकर स्विच आफ कर दिए।
गन प्वाइंट पर लेकर मांगे दो लाख
सुरेंद्र को गन प्वाइंट पर लेकर एक बदमाश बोला कि दो लाख रुपये दो। अरुणा ने इन्कार किया तो बोला आपरेशन होना है मेरा रुपए की जरूरत है। अरुणा का कहना है कि चारों जींस टीशर्ट पहने थे। उनकी भाषा बदमाशों वाली नहीं थी। चारों नशे के आदी (ड्रग एडिक्ट) लग रहे थे।
ऑपरेशन के लिए रखे थे रूपए
आपरेशन के पैसे आपरेशन के नाम पर ले गए। अरुणा ने बताया कि कोलंबिया एशिया अस्पताल में मंगलवार को सुरेंद्र का मोतियाबिंद का आपरेशन होना था। शुक्रवार को वह बैंक से 1 लाख रुपए सर्जरी के लिए लाई थीं। अरुणा के मुताबिक उनकी आंख खुलने से पहले बदमाश बाकी तीनों कमरों को खंगालकर सर्जरी के रुपए ले लिए थे। अरुणा के साथ बेडरूम की खंगाला और उनके पर्स से नकदी व करीब 2 लाख रुपए के गहने लूट लिए। बोले अंकल का पर्स कहां है, उनके पेंट से भी पर्स निकाल लिया। एक अलमारी की चाबी देने से इन्कार किया तो गैस कटर से काटने की धमकी दी। चाबी लेकर खोलने की कोशिश की, लेकिन नहीं खुला तो अपने फिंगरप्रिंट छिपाने को चाबी कपड़े से पोंछकर अरुणा को लौटा दी। सुरेंद्र से समय पूछा तो पता चला कि साढ़े चार बज गए। इसी दौरान पूछकर सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकाल ले गए।
नाश्ते के लिए 500 रूपए देकर, पैर छूकर हुए फरार
500 का नोट देकर बोले ये नाश्ते के लिए है। अरुणा ने बताया कि बदमाश जाने लगे तो उन्हें 500 रुपए का नोट देते हुए बोले, कि इससे सुबह नाश्ता कर लेना। अरुणा ने इन्कार कर दिया और मुख्य द्वार खोलकर चारों को बाहर निकाला। जाते समय उनके दोनों आइफोन के चार्जर भी ले गए और गेट पर अरुण को मोबाइल लौटाते हुए चारों ने उनके पैर छूकर कहा कि हमें माफ कर दो। हमने मजबूरी में ऐसा किया। आपके रुपए छह माह में लौटा देंगे। बदमाशों के जाते ही उन्होंने पास में रहने वाली भांजी प्रीति को फोन किया। बाद में पुलिस को सूचना दी। बदमाशों ने जीने का दरवाजा भी तोडऩे की कोशिश की थी, लेकिन वह अंदर से बंद था।
लूट को दबाने में लगी रही पुलिस
पॉश कॉलोनी राजनगर में इस तरह से हुई लूट को दबाने की कोशिश की। प्रीति के पति अजय ने बताया कि चौकी इंचार्ज तरूण सिंह ने उनसे कहा कि किसी को चोट तो पहुंचाई नहीं है। इसलिए चोरी लिख दो। पुलिस ने एक बार फिर कानून का उल्लंघन करते हुए खुद बोल-बोलकर तहरीर लिखवाई और लूट के केस को चोरी में दर्ज कर लिया। फारेंसिक टीम व श्वान दस्ते ने मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाए। मौके पर पहुंंचीं कविनगर सीओ अंशु जैन ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश करेंगे। वहीं, क विनगर थाना प्रभारी संजीव शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर 4 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की टीम लगाई गई हैं।