ग्रेटर नोएडा से जेवर के बीच जल्द दौड़ेगी मेट्रो

डीएमआरसी को सौंपी गई डीपीआर की जिम्मेदारी
यमुना प्राधिकरण और दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन में करार

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा से जेवर के मध्य एक्सप्रेस मेट्रो के संचालन के लिए प्रयास तेजी से जारी हैं। इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) को अह्म जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएमआरसी द्वारा इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इसके अलावा परी चौक (ग्रेटर नोएडा) से शिवाजी मेट्रो स्टेशन (नई दिल्ली) तक फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनाई जाएगी। दोनों कार्य 3 माह के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे।

यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) और डीएमआरसी के मध्य गुरुवार को इस संबंध में अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। डीपीआर तैयार होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। यमुना प्राधिकरण कार्यालय में गुरुवार को ग्रेटर नोएडा-जेवर मेट्रो की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) और परी चौक से नई दिल्ली के शिवाजी मेट्रो स्टेशन तक फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनाने के संबंध में हस्ताक्षर हुए। इसमें यमुना प्राधिकरण की तरफ से सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह व ओएसडी शैलेंद्र भाटिया और डीएमआरसी की ओर से निदेशक बिजनेस डेवलपमेंट प्रमीत गर्ग व जीएम कंसलटेंसी सर्विसेज आर.जी. शर्मा ने हस्ताक्षर किए। तय करार के मुताबिक 3 माह में दोनों रिपोर्ट बन जाएंगी। रिपोर्ट तैयार होने के बाद इस पर आगे की कार्रवाई हो सकेगी।

ग्रेटर नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक डीपीआर तैयार की गई थी। डीपीआर में 25 स्टेशन प्रस्तावित किए गए थे। इस रूट की संशोाधित डीपीआर का काम डीएमआरसी को सौंपा गया है। ग्रेटर नोएडा से जेवर एयरपोर्ट के लिए 35.64 किलोमीटर ट्रैक का निर्माण करना पड़ेगा। यह जनपद में मेट्रो का सबसे लंबा ट्रैक होगा। जिले में सबसे लंबा ट्रैक नोएडा-ग्रेनो मेट्रो का करीब 29.7 किलोमीटर है। एक्सप्रेस मेट्रो में पांच से छह स्टेशन बनाए जाएंगे। इसकी गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक होगी। इसका पहला स्टेशन नॉलेज पार्क टू और आखिरी स्टेशन नोएडा एयरपोर्ट टर्मिनल होगा। यह मेट्रो एक्सप्रेस-वे के किनारे-किनारे जाएगी।

इसके निर्माण में करीब 5 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अब डीएमआरसी इसकी डीपीआर 3 माह में बनाकर दे देगा। ग्रेटर नोएडा के परी चौक से शिवाजी पार्क स्टेडियम तक मेट्रो के लिए डीएमआरसी फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनाएगा। यदि इस रूट से ग्रेटर नोएडा जुड़ जाएगा तो दिल्ली व जेवर एयरपोर्ट आपस में मेट्रो से कनेक्ट हो जाएंगे। शिवाजी पार्क स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पहले से आईजीआई एयरपोर्ट के लिए बनाए गए डेडीकेटेड मेट्रो कॉरिडोर का स्टेशन है।