5 लोगों की मौत के मामले में दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, फरार

गाजियाबाद। सिहानीगेट क्षेत्र के राकेश मार्ग गली नंबर-3 में एक सितंबर को करंट की चपेट में आकर मां-बेटी समेत पांच लोगों की मौत के मामले में सिहानीगेट थाना पुलिस ने दादरी निवासी दुकानदार सुशील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस हादसे के बाद से दुकानदार फरार है। करंट लगने से 24 वर्षीय लक्ष्मी नारायण के पिता बद्रीनारायण ने दुकानदार के खिलाफ तहरीर दी है। मूलरूप से बिहार निवासी बद्रीनारायण का कहना है कि राकेश मार्ग पर गली नंबर-3 के सामने दादरी निवासी सुशील की परचून की दुकान है।
31 अगस्त को दुकानदार ने दुकान के बाहर लोहे का टिन शेड डलवाया था। एक सितंबर को सुबह साढ़े 9 बजे पास में ही रहने वाले रायबरेली निवासी विनोद की 11 वर्षीय बेटी सिमरन पड़ोसी अंकल राजकुमार की 4 वर्षीय बेटी सुरभि को गोद में लेकर दुकान से सामान खरीदने पहुंची। इस दौरान बारिश हो रही थी। दुकान के बाहर टिन शेड का पाइप पकड़ते ही सिमरन व सुरभि की करंट से मौत हो गई। घर के बाहर खड़ा उनका बेटा लक्ष्मी नारायण (24) दोनों बच्चियों को बचाने के लिए दौड़ा तो वह भी हादसे का शिकार हो गया। इसके अलावा सुरभि की मां जानकी उर्फ सीता (35) और बिहार निवासी सब्जी विक्रेता अखिलेश प्रसाद की 10 बेटी खुशी की भी करंट की चपेट में आकर मौत हो गई।
तहरीर में बद्रीनारायण का कहना है कि हादसा 1 सितंबर की सुबह 9:30 बजे हुआ था, लेकिन डेढ़ घंटा पहले सुबह 8 बजे एक महिला और एक युवक को भी करंट लगा था। दोनों ने दुकानदार और सुशील से शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद उसने कोई बचाव नहीं किया और न ही टिन शेड में उतर रहे करंट के संबंध में बिजली निगम को कोई सूचना दी। सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार उपाध्याय का कहना है कि बद्रीनारायण की तहरीर पर दुकानदार व अन्य के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया गया है। दुकानदार को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही दुकानदार को गिरफ्तार किया जाएगा।