-सरकार शिक्षकों के सम्मान के प्रति पूरी तरह सजग एवं गंभीर: अजीत पाल त्यागी
गाजियाबाद। शिक्षक दिवस पर प्राथमिक विद्यालय में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने वाले 75 शिक्षकों रविवार को आईटीएस कॉलेज मोहन नगर में सम्मानित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, डॉ शिखा संयुक्त सचिव राज्य सभा तथा विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बृज भूषण चौधरी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद में बेसिक शिक्षा में शिक्षकों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य शिक्षा के प्रति सुविचार शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने एवं विद्यालय के कायाकल्प में विशेष योगदान वाले शिक्षकों का चयन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक अजीत पाल त्यागी, संयुक्त सचिव डॉ शिखा व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बृजभूषण चौधरी व प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी द्वारा सभी शिक्षकों को स्टॉल पहनाकर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि सरकार शिक्षकों के सम्मान के प्रति पूरी तरह सजग एवं गंभीर है। समाज के निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है अत: उनको सम्मानित करना शासन तथा प्रशासन दोनों का उत्तरदायित्व है। इतने शिक्षकों को अपने हाथों से सम्मानित करके स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। संयुक्त सचिव डॉ डॉक्टर शिखा ने अपने शिक्षकों का स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षकों द्वारा दिए गए संस्कार जीवन पर्यंत हमारे साथ रहते हैं। शिक्षकों द्वारा कही गई बातें भी हमारे जीवन पर अमिट छाप छोड़ देती हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बृज भूषण चौधरी ने कहा कि आज इस कार्यक्रम का आयोजन करना न केवल शिक्षा विभाग के लिए बल्कि मेरे लिए भी गौरव की बात है। जनपद गाजियाबाद के शिक्षक बहुत ही बेहतर कार्य कर रहे हैं। नए-नए नवाचार कर रहे हैं। जिससे न केवल शिक्षकों की छवि में सुधार हो रहा है बल्कि शिक्षा विभाग के सम्मान में भी वृद्धि हुई है।
प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी ने भी सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी एवं कार्यक्रम के आयोजन के लिए समस्त अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच का संचालन पूनम शर्मा ने किया। इस मौके पर गौरव त्यागी, प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी, खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र हरिओम सिंह, आरती गुप्ता, एसआर पूनम शर्मा, विनीता त्यागी व देवांकुर उपस्थित रहे। सम्मानित हुए शिक्षकों में गत वर्ष राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त सुमन भाल, लक्ष्मी त्यागी ,राजकुमार, निशि रानी शर्मा, अनीता शर्मा ,रूबी शर्मा,सीमा सिंह, अजय कुमार,काजल शर्मा,ममता खन्ना,रेनू चौधरी, कनक सिंह,वाणी शर्मा,पुष्पेंद्र सिंह,दीपक शुक्ला, निधि सहित 75 शिक्षकों को शामिल किया गया।
















