खुलासा : अपहरण का मचाया शोर, प्रेमी संग मिली छात्रा

ग्रेटर नोएडा। बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा के अपहरण कांड का नाटकीय ढंग से पटाक्षेप हो गया है। पुलिस का दावा है कि छात्रा को अगवा नहीं किया गया था। वह खुद प्रेमी के साथी चली गई थी। पुलिस ने छात्रा को गोंडा से सकुशल बरामद कर लिया है। इस प्रकरण में मोबाइल सर्विलांस ने पुलिस ने काफी मदद की। इसके पहले छात्रा के अपहरण का आरोप लगाकर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने यातायात जाम कर जमकर हंगामा किया था। ग्रामीणों का कहना था कि मार्निंग वॉक के दौरान छात्रा को अगवा कर लिया गया था।

पुलिस के मुताबिक सादोपुर गांव निवासी 4 भाई-बहन एक साथ मार्निंग वॉक करने निकले थे। पीड़ित परिवार ने शिकायत की थी कि अच्छेजा गांव की रेलवे विहार कॉलोनी के पास कार सवार कुछ बदमाशों ने पहले छोटी बेटी को अगवा करने का प्रयास किया था। विरोध करने पर बदमाश पीड़िता की बड़ी बहन को जबरन उठाकर ले गए थे। वारदात की सूचना मिलने पर संबंधित परिवार ने तुरंत पुलिस को फोन कर जानकारी दी थी। घटना से खफा ग्रामीण ने जीटी रोड पर यातायात बाधिक कर जमकर हंगामा किया था।

छात्रा को सकुशल बरामद करने की पुरजोर मांग की गई थी। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने स्पेशल टीम को जांच का जिम्मा सौंपा था। शुरुआती जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिल गई थी। बाद में पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस की सहायता से छात्रा की लोकेशन ट्रेस की। यह लोकेशन गोंडा में मिला। पूछताछ करने पर पुलिस को मालूम पड़ा कि छात्रा के अपहरण का मामला सही नहीं है। चूंकि घटना के एक दिन पहले छात्रा स्वेच्छा से प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। पीड़ित परिजनों ने बदनामी के डर से बेटी का अपहरण होने का आरोप मढ़कर शिकायत कर दी। पुलिस का कहना है कि छात्रा और उसके प्रेमी को गोंडा से बरामद कर लिया गया है।