नगर निगम 9 पार्किंग स्थलों के ठेके छोड़ेगा

गाजियाबाद। नगर निगम ने शहर में पार्किंग स्थल के ठेके छोड़ने की तैयारी तेज कर दी है। 21 सितंबर को 9 पार्किंग स्थलों के ठेके छोड़े जाने हैं। ठेकेदारों के ना आने से 3 बार से ठेके छोड़ने की प्रक्रिया को स्थगित करना पड़ा है। उम्मीद है कि अबकी बार कामयाबी मिल जाएगी।

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर निगम एक बार फिर पार्किंग स्थलों के लिए टेंडर छोड़ने जा रहा है। 21 सितंबर को 9 पार्किंग के ठेके नीलामी के तहत छोड़े जाएंगे। इन सभी पार्किंग का ठेका छोडऩे के लिए इस टू बिड सिस्टम पॉलिसी को अपनाया जाएगा।टू-बिड सिस्टम पॉलिसी को लागू करने के लिए नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निर्देश दिए है। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एवं पार्किंग प्रभारी डॉ.संजीव सिन्हा ने बताया कि 9 पार्किंग का ठेका छोडऩे के लि टू बिड सिस्टम पॉलिसी को लागू किया जाएगा।

वाहन पार्किंग के लिए नगर निगम के सभागार में 21 को नीलामी आयोजित की जाएगी। टू बिड सिस्टम के मुताबिक वाहन पार्किंग का ठेका छोडऩे के लिए ठेकेदार को दो तरह से बोली लगानी होगी। पहले उसे लिखित में देना होगा कि वह संबंधित पार्किंग का ठेका कितने रुपए प्रतिवर्ष में ले सकेगा। पहले ही ओपन बोली लगाई जाएगी। जो अधिक होगी उस कीमत पर पार्किंग का ठेका छोड़ा जाएगा।