दुकान एवं क्योस्क योजना : अब 18 अक्टूबर तक आवेदन

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आवेदन की तिथि बढ़ाई

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की दुकान एवं क्योस्क योजना में आवेदन करने से चूक गए इच्छुक नागरिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। ग्रेनो प्राधिकरण ने आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। इस योजना में अब 18 अक्टूबर तक आवेदन किया जा सकेगा। पहले यह तिथि 4 अक्टूबर तक तय की गई थी। इस योजना में 36 दुकान व 29 क्योस्क शामिल हैं। ये सभी दुकानें व क्योस्क बनकर तैयार हैं। आवंटन होने के 60 दिन के भीतर इन पर कब्जा भी मिल जाएगा। 6 अक्टूबर से आवेदन शुरू हो गए हैं।

पिछले कुछ साल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ा है। इसके चलते रिहायश के साथ दुकान व क्योस्क की डिमांड भी बढ़ी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बीते 4 सितंबर से दुकान व क्योस्क की योजना लांच कर रखी है। ये दुकानें सेक्टर गामा वन के कदम्बा एस्टेट, इकोटेक -टू के बीएम मार्केट, स्वर्णनगरी, डेल्टा वन व डेल्टा टू, कासना बस डिपो, अल्फा वन व टू, बीटा टू शॉपिंग सेंटर में स्थित हैं। जबकि क्योस्क इकोटेक टू, इकोटेक थ्री, पाई वन, टू व थ्री, फाई-चाई, सिग्मा टू के सी व डी ब्लॉक, सेक्टर-37 के ए व सी ब्लॉक और ओमीक्रॉन थ्री के ए व सी ब्लॉक में स्थित हैं।

दुकानें 10.4 वर्ग मीटर से लेकर 153.53 वर्ग मीटर तक हैं। एक दुकान तो 713.67 वर्ग मीटर एरिया की भी है। ऑफिस का रिजर्व प्राइस 27310 से शुरू है। जबकि दुकानों का रिजर्व प्राइस 87360 रुपये प्रति वर्ग मीटर से शुरू है। वहीं, क्योस्क का कुल रिवर्ज प्राइस 5,97,080 से लेकर 9,04,950 रुपये तक है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) दीपचंद्र ने बताया कि इस योजना में आवेदन करने की अंतिम तिथि पहले 4 अक्टूबर थी, जिसे बढ़ाकर अब 18 अक्टूबर कर दिया गया है। इन दुकानों व क्योस्क का आॅक्शन 8 नवंबर को होगा।