विधान सभा चुनाव की तैयारियां, डीएम ने की महत्वपूर्ण मीटिंग

नए मतदेय स्थलों पर होगी बीएलओ व सुपरवाइजरों की तैनाती

गाजियाबाद। अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर जनपद में भी सरकारी स्तर पर तैयारियां चल पड़ी हैं। जिला प्रशासन अपने स्तर से तैयारियों में जुट गया है। इसके चलते जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों के साथ शनिवार को अह्म बैठक की। उन्होंने कहा कि विधान सभा क्षेत्रवार जहां-जहां मतदेय स्थल बढ़ाए गए हैं, वहां-वहां बीएलओ और सुपरवाइजरों की तैनाती जल्द की जाए। डीएम ने साफ कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बरदाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम (प्रशासन) ऋतु सुहास, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) योगेंद्र कुमार, एसडीएम (सदर) देवेंद्र पाल सिंह, एसडीएम आदित्य प्रजापति, अपर नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, खालिद अंजुम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हरिकृष्ण शर्मा आदि मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे बूथों को भी चिन्हित किया जाए जहां 18 वर्ष की आयु के महिला एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण की संख्या शून्य है। ऐसे बूथों पर विशेष अभियान चलाकर नए मतदाताओं का पंजीकरण कराया जाए।

बूथ, मतदान केंद्रों पर बिल्डिंग जर्जर है। उसका निरीक्षण कर अवगत कराए। विधान सभावार पिंक एवं मॉडल बूथ के लिए 10-10 मतदान केंद्रों की सूची बनाई जाएगी। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बूथों पर मतदान कराए जाने के लिए दिव्यांग कार्मिकों की ड्यूटी के लिए उनके नाम,पदनाम,मोबाइल नंबर आदि की सूची तैयार कर ली जाए। लगातार पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ उपलब्ध रहे। बीएलओ को रजिस्टर का निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2022 के लिए निर्धारित तारी 7,13,21 व 28 नवंबर को कॉलेज,एनजीओ की सहायता से तहसील स्तर पर विशेष शिविर का आयोजन कराया जाए। सभी अधिकारियों की लॉगिन आईडी एक्टिव कराई जाए। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 1 नवंबर को होने वाले ड्राफ्ट रोल के प्रकाशन के लिए तहसील स्तर पर विशेष कैंप का आयोजन कराने के लिए एसडीएम सदर को निर्देश दिए। यह कार्यक्रम कॉलेज में कराए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह द्वारा किया जाएगा। इस कार्यक्रम की वीडियो ग्राफी कराई जाएगी।

वहीं, स्विप की आईडी अपलोड कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील स्तर पर खतौनी मद से मतदाता पंजीकरण के लिए अतिरिक्त कंप्यूटर आदि की व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए। फार्म के निस्तारण के लिए बीआरसी के साथ अन्य कार्मिकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दिव्यांग मतदाताओं से संबंधित उनके नाम,मोबाइल नम्बर एवं टैगिंग संबंधी सूचना, स्पीड पोस्ट के माध्यम से ईपिक कार्डों के वितरण की स्थिति एवं प्रत्येक पदाभिहित स्थल (मतदान केन्द्र) पर पदाभिहित अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। पदाभिहित अधिकारी की सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे।