दीपावली नजदीक, शहर को रोशन करने का काम जोरों पर

गाजियाबाद। नगर निगम ने शहर में अत्यधिक रोशनी प्रदाता फ्लड एलईडी लाइटें लगाने का काम तेज कर दिया है। 190 वाट की यह लाइट ज्यादा प्रकाश देगी। इससे रात्रि में सड़कें रोशन हो सकेंगी। नगर निगम के इस प्रयास की नागरिकों और पार्षदों ने प्रशंसा की है। मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर शहर की सड़कों को रोशन करने की मुहिम चल रही है।इस मुहिम को कविनगर जोन के वार्ड नंबर-65 के पार्षद राजकुमार, विजय नगर जोन के वार्ड नंबर-27 से पार्षद ललित कश्यप, वसुंधरा जोन से वार्ड नंबर-77 की पार्षद नीलम भारद्वाज, वार्ड नंबर-74 की पार्षद आशा भाटी आदि ने सराहा है। मोहन नगर जोन के अंतर्गत वार्ड नंबर-66, 70, 83, 82, 38 व 37 में भी प्रकाश विभाग द्वारा लाइटों का कार्य कराया गया है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने दीपावली पर्व से पूर्व शहर की सभी लाइटों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं ताकि दीपावली से पूर्व पूरा शहर प्रकाशमय हो जाए और नागरिकों को राहत मिल सके।

नगर निगम के संबंधित अधिकारी को शहर में लगी फैंसी लाइटों को भी सुचारू करने के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही पार्कों में विशेष रुप से लाइट व्यवस्था सुचारू करने के लिए कहा गया है। क्षेत्रीय पार्षदों के सहयोग से नगर निगम प्रकाश के विभाग टीम द्वारा शहर में बेहतर कार्य किया जा रहा है। पार्षदों द्वारा क्षेत्र में जहां अंधेरा है, जहां लाइटें नहीं हैं और जहां की लाइटें खराब पड़ी हैं, उनकी सूची लगातार प्रकाश विभाग को भेजी जा रही है ताकि जनहित में बेहतर कार्य कर शहरवासियों को लाभ दिया जा सके।