दीपावली सिर पर, शराब तस्करों के खिलाफ अभियान तेज

-फील्ड में खूब पसीना बहा रहे आबकारी विभाग के अधिकारी
-दबिश में 5200 किलोग्राम लहन को किया नष्ट, 40 लीटर कच्ची शराब बरामद

गाजियाबाद। दीपावली पर्व पर अवैध शराब का निर्माण, परिवहन और तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की मशक्कत जारी है। इसके अलावा शराब की दुकानों पर भी व्यवस्थाओं को दुरूस्त कराया जा रहा है। आबकारी विभाग की बढ़ती सक्रियता ने शराब तस्करों के हौंसले पस्त कर दिए हैं। साथ लाइसेंसशुदा विक्रेता भी शराब कारोबार में किसी प्रकार की लापरवाही से बच रहे हैं। दीपावली पर्व नजदीक आ चुका है। ऐसे में जिला आबकारी विभाग भी पूरी ताकत के साथ फील्ड में पसीना बहा रहा है। अवैध शराब का निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। शराब तस्करों के मंसूबे सफल न हो सकें, इसके लिए विभागीय अधिकारी दिन-रात भाग-दौड़ करते दिखाई दे रहे हैं। शराब तस्करों के संभावित ठिकानों के अलावा मुख्य मार्गों पर वाहनों की भी सघन जांच-पड़ताल की जा रही है। उधर, उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके मद्देनजर क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षकों द्वारा जनपद गाजियाबाद में संचालित मॉडल शॉप, देशी शराब, विदेशी मदिरा व बीयर की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुज्ञापनों (मदिरा एवं बीयर की दुकान) पर संचित स्टॉक का सत्यापन किया गया। ऐसे में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को नियमानुसार अनुज्ञापनों को संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के डासना चेक पोस्ट पर छोटे वाहनों, ट्रकों एवं बसों आदि की चेकिंग की जा रही है। चेकिंग के दौरान किसी प्रकार की अवैध मदिरा की बरामदगी नहीं हुई। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर दी गई दबिश की कार्रवाई के दौरान हिंडन खादर क्षेत्र के 5200 किलोग्राम लहन को नष्ट करते हुए 40 लीटर कच्ची शराब बरामद किया।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा, अखिलेश वर्मा, आबकारी निरीक्षक रमाशंकर सिंह, अरूण कुमार, त्रिवेणी सिंह मौर्य की संयुक्त टीम द्वारा महमदपुर, सीती भूपखेड़ी, भनेड़ा के जंगल एवं हिंडन खादर क्षेत्र के अन्य संदिग्ध स्थलों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान करीब 5200 किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट करते हुए 40 लीटर कच्ची शराब बरामद किया गया। इसी क्रम में सेक्टर-6 स्थित नंदग्राम क्षेत्र में दबिश के दौरान तस्करी कर रहे शराब तस्कर नरेंद्र पुत्र सुखवीर निवासी अटौर नाला नंदग्राम को 27 पौवे क्रेजी रोमियो फॉर सेल इन अरूणाचल प्रदेश मार्का समेत गिरफ्तार किया गया। जिसके खिलाफ नंदग्राम थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60 / 63 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा गया। इसके अलावा क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षकों द्वारा जनपद की शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुज्ञापनो (मदिरा एवं बीयर की दुकान) पर संचित स्टॉक का सत्यापन किया गया जिसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि त्यौहारी सीजन में विभाग किसी प्रकार की कोताही बरतने के मूड में नहीं है। शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। तस्करों को छोड़ा नहीं जाएगा।