गाजियाबाद। दिल्ली-यूपी गेट पर किसानों के धरनास्थल के पास शनिवार की सुबह आपत्तिजनक पोस्टर चस्पा मिलने से एकाएक हड़कंप मच गया। पोस्टर में किसानों पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस आनन-फानन में वहां पहुंची। पुलिस ने पोस्टर को तत्काल हटवा दिया। पोस्टर पर अंकित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में पुलिस की सक्रियता से माहौल बिगड़ने से बच गया। पोस्टर पर एक व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर लिखा था।
तीनों कृषि कानूनों के विरोध में सैकड़ों की संख्या में किसान गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। पुलिस ने शुक्रवार को गाजीपुर बॉर्डर के पास से बैरिकेड हटाने की कार्रवाई की थी। उधर, शनिवार की बैरिकेड के पास हाईवे के डिवाइडर पर आपत्तिजनक पोस्टर चस्पा मिला। पोस्टर पर हिंदू सेना का नाम लिखा था। पोस्टर में लिखा था- ‘दुष्कर्मी किसान, हत्यारे किसान आंदोलन बंद करो’। पोस्टर की जानकारी मिलने पर पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने जांचोपरांत संबंधित पोस्टर वहां से हटवा दिए। पुलिस का कहना है कि पोस्टर पर अंकित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, इस हरकत को माहौल बिगाड़ने की साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि किसानों ने धैर्य बना रखा है। गाजीपुर बॉर्डर पर आए दिन कोई न कोई विवाद देखने को मिलता रहा है।
















