कमिश्नर ने डीएम और नगरायुक्त संग किया निरीक्षण
गाजियाबाद। कौशाम्बी बस अड्डे के बाहर यातायात जाम की विकट समस्या से निपटने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। दिल्ली-गाजियाबाद के इस प्रवेश द्वार पर आए दिन जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम की समस्या को दूर करने के लिए बस अड्डे का प्रारूप चेंज करने की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेंद्र सिंह ने सोमवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के साथ कौशाम्बी बस अड्डे का निरीक्षण किया। वहां जाम की समस्या के कारणों पर गंभीरता से चर्चा की गई।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश पर कौशाम्बी में यातायात प्रबंधन प्लान लागू करने का काम आरंभ हो गया है। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह सोमवार को कौशाम्बी बस अड्डा पहुंचे। उनके साथ डीएम राकेश कुमार सिंह, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर, एसएसपी पवन कुमार, एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। कौशांबी में जाम से निपटने के लिए कौशांबी बस अड्डे का प्रारूप बदलने की तैयारी की जा रही है। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ट्रैफिक प्रबंधन प्लान लागू करने को इसका प्रारूप बदला जाना जरूरी है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि अधिकारियों द्वारा वसुंधरा जोन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सफाई व्यवस्था के साथ-साथ क्षेत्र में लगने वाले जाम को हटाने की योजना बनाई गई। जाम को खत्म करने के लिए आटो स्टैंड का स्थान बदलकर कहीं और करने की तैयारी भी चल रही है।
मंडलायुक्त ने आनंद विहार बस अड्डा, दिल्ली बार्डर की चौकी, कौशांबी बस अड्डा का निरीक्षण किया। लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए बेहतर रूट की प्लानिंग की गई है। एनजीटी ने कौशांबी में प्रदूषण के मुद्दे पर आदेशों का पालन न कराने पर नाराजगी जाहिर की थी। सुनवाई के दौरान एनजीटी ने कौशांबी में यातायात प्रबंधन प्लान लागू करने, सीवेज की समस्या का समाधान करने, सड़कों से अतिक्रमण हटाने और पार्किंग की व्यवस्था करने का आदेश दिया था। कारवां के अध्यक्ष वीके मित्तल ने इस संबंध में एनजीटी में याचिका दायर की थी।
कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कौशांबी में प्रशासन द्वारा तैयार किए गए यातायात प्रबंधन प्लान को जल्द लागू करने के निर्देश दिए गए है। इसके तहत डॉ.बर्मन रोड पर वेब चौराहे को बंद कर आगे पीछे दो यू-टर्न बनाया जा रहा है। वहीं,पैसिफिक माल के सामने खड़े होने वाले आटो के लिए सौर ऊर्जा मार्ग पर पार्किंग बनाई गई। डॉ.बर्मन रोड पर भारी वाहनों के प्रवेश के लिए हाइट बैरियर लगाए गए। कौशांबी व आनंद विहार से चलने वाले आटो व ई-रिक्शा की संख्या निर्धारित की जाएगी। जिले के सभी रूटों पर आटो ई-रिक्शा की संख्या निर्धारित कर आटो को कलर कड दिया जाएगा।
















