स्वच्छ सर्वेक्षण : नगरायुक्त ने मातहतों को दिए टिप्स, तैयारियों में जुटने के निर्देश

गाजियाबाद। स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 को लेकर नगर निगम ने गंभीरता दिखाई है। इसके मद्देनजर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने ब्रहस्पतिवार को नगर निगम सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मातहतों को जरूरी टिप्स दिए गए। नगरायुक्त ने अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडेय, प्रमोद कुमार, शिव पूजन यादव, अरूण कुमार यादव, डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, जलकल महाप्रबंधक योगेश श्रीवास्तव एवं जोनल प्रभारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए।

महापौर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने पार्षदों एवं इंदौर की अनुभवी कंपनी ह्यूमन मैट्रिक्स के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें स्वच्छ सर्वेक्षण-2.0, वर्ष-2021-22 की तैयारी की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। इसी क्रम में ब्रहस्पतिवार को नगरायुक्त महेंद्र सिंह ने निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर  कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2.0 की तैयारियां तेजी से शुरू की जाए।उन्होंने समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई योजनाएं एवं नई तकनीक से नई टीम के साथ समन्वय बनाते हुए कार्य किया जाएंगे। ताकि शहरवासियों के साथ मिलकर स्वच्छ सर्वेक्षण 2021-22 में बेहतर कार्य कराया जा सके। उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2.0 वर्ष-2021-22 का नया टूल किट 2.0 लॉन्च हो चुका हैं। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए इस पर कार्य किया जाएगा। नगर निगम का सहयोग कर रहे सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और पार्षदों से भी विचार विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापौर आशा शर्मा के निर्देश पर आगे कार्य किए जाएंगे। नगरायुक्त ने बैठक में ह्यूमन मैट्रिक्स कंपनी की टीम के पदाधिकारियों एवं सभी विभाग के प्रभारी,जोनल प्रभारी, अपर नगर आयुक्त की मौजूदगी में पहले चरण में नगर निगम के सभी 5 जोन के 12 वार्डों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किए गए कूड़ा निस्तारण की समीक्षा की। नगरायुक्त ने टीम को निर्देशित किया कि शहर के नालों एवं नालियों से निकाली गई सिल्ट, कचरे को अलग-अलग वाहनों के जरिए उठाया जाए। इसके लिए रूट मैप बनाकर अन्य योजना बनाई जाए। ताकि शहर से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण करने के साथ स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाया जा सके। इसके लिए टीमों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किए जाए।