-ग्रीन बैल्ट पर कब्जा कर बनाए गये थे मकान
गाजियाबाद। नगर निगम की प्रवर्तन दस्ते की टीम ने विजयनगर जोन क्षेत्र में सर्वोदय नगर सेक्टर-12 प्रताप विहार में ग्रीन बैल्ट की करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन पर कब्जा कर बनाए गए अवैध रूप से 14 से अधिक मकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर मंगलवार को अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव ने प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक शरण, जोनल प्रभारी रामबली पाल, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम, प्रवर्तन दस्ता और विजयनगर थाना पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाते हुए दर्जनभर से अधिक अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया।
अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार ने बताया कि विजयनगर जोन क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-12 प्रताप विहार सर्वोदयनगर स्थित ग्रीन बैल्ट की 20 हजार वर्गमीटर जमीन पर लोगों ने कब्जा कर अवैध रूप मकान बना लिए थे। जिसकी शिकायत नगर आयुक्त से की गई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए ग्रीन बैल्ट की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। टीम के साथ अभियान चलाकर अवैध निर्माण तोड़े गए। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह ने ग्रीन बैल्ट की कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर निर्माण विभाग और उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां पर फिर से ग्रीन बैल्ट विकसित की जाए। ताकि आसपास के लोगों को इसका लाभ मिल सके।















