-शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में किराए पर मिलेंगी शोरूम और दुकानें, निविदा की गई आमंत्रित
गाजियाबाद। व्यापारियों के लिए अच्छी खबर है। व्यवसायिक दृष्टिकोण से नगर निगम उन्हें सुनहरा मौका देने जा रहा है। इस अवसर का लाभ उठाकर व्यापारियों की बल्ले-बल्ले हो सकती है। रमते राम रोड पर निर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में शोरूम एवं दुकानों को किराए पर देने की तैयारी की गई है। वार्षिक किराया पद्वति के आधार पर 15 वर्ष की अवधि के लिए यह प्रॉपर्टी किराए पर मिल सकेगी। इसके लिए नगर निगम ने निविदा आमंत्रित की हैं। इच्छुक व्यक्ति या फर्म 21 दिसम्बर दोपहर 3 बजे तक ऑनलाइन तरीके से निविदा को अपलोड कर सकते हैं। निविदा संबंधित विस्तृत जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। नगर निगम द्वारा रमते राम रोड पर व्यवसायिक कांप्लेक्स का निर्माण कराया गया है। यह कॉम्प्लेक्स रमते राम रोड के कॉर्नर पर स्थापित है। व्यवसाय की दृष्टि से यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स उत्तम स्थान है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा के मुताबिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का कुल क्षेत्रफल 5824 वर्ग मीटर है। इसमें 2 बेसमेंट भी हैं। बेसमेंट का क्षेत्रफल 5714.60 वर्ग मीटर, ग्राउंड फ्लोर का क्षेत्रफल 2230.98 वर्ग मीटर, प्रथम तल का क्षेत्रफल 2019.13 वर्ग मीटर तथा कुल क्षेत्रफल 9964.71 वर्ग मीटर है। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के अंतर्गत भूतल पर 32 तथा प्रथम तल पर 23 दुकानों एवं शोरूम का निर्माण कराया गया है। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का ग्राउंड फ्लोर व फर्स्ट फ्लोर का क्षेत्रफल 4250.11 वर्ग मीटर है।
15 वर्ष की अवधि के लिए किराए पर देंगे
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को नगर निगम द्वारा निर्धारित शर्तों के आधार पर वार्षिक किराया पद्धति के आधार पर दिया जाएगा। यह अवधि 15 वर्ष की होगी। इसके लिए निविदा आमंत्रित की गई हैं। शॉपिंग कांम्प्लेक्स में दुकानों के लिए इच्छुक व्यक्ति या फर्म वेबसाइट पर अपनी निविदा 21/ दिसम्बर 2021 को दोपहर 3 बजे तक अपलोड कर सकते हैं। निविदा संबंधित विस्तृत जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए तकनीकी एवं वित्तीय निविदाएं या खुली बोली के जरिए नीलामी आमंत्रित की गई हैं।
मौके का लाभ उठाएं व्यापारी
मेयर आशा शर्मा ने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानों के साथ-साथ पार्किंग की भी बेहतर व्यवस्था है। 2857 वर्ग मीटर एरिया में 2 बेसमेंट पार्किंग की व्यवस्था है ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इसका विशेष ध्यान रखा गया है। मेयर ने कहा कि शहर के व्यापारी हित में यह महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर का लाभ उठाकर व्यापारी अपने रोजगार में वृद्धि कर सकते हैं।
व्यापारी वर्ग को मिलेगा लाभ
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से व्यापारी वर्ग को काफी लाभ प्राप्त होगा। व्यापारियों को कारोबार करने के लिए अच्छा स्थान मिल सकेगा। जहां सभी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था है। इसके अलावा नगर निगम की आय में बढ़ोतरी होगी। नागरिक भी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में पहुंच कर खरीदारी कर सकेंगे।
महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम
















